Homeराज्यो से ,
नेपाल हिंसा : छतरपुर के 14 लोग फंसे, PM मोदी से लगाई गुहार

नेपाल में  हिंसक विरोध प्रदर्शन ने दुनिया को हिलाकर रख दिया है। इस प्रदर्शन की वजह से नेपाल में बड़ा तख्तापलट हो गया है। वहीं, मध्य प्रदेश के लिए चिंता वाली खबर ये है कि इस हिंसक प्रदर्शन में छतरपुर जिले के चार परिवार के कुल 14 लोग फंसे हुए हैं। इनमें छोटे बच्चे, महिलाएं और युवा सभी शामिल हैं। सोशल मीडिया पर बैन लगाने के नेपाल सरकार के फैसले के बाद प्रदर्शनकारी उग्र हो गए थे। जिसके बाद से हालात बेकाबू हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सेना को मोर्चा थामना पड़ा।  यहां फंसे छतरपुर के लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सुरक्षित बाहर निकालने की गुहार लगा रहे हैं। अभी मिली जानकारी के अनुसार, ये लोग नेपाल की राजधानी काठमांडू के एक होटल में ठहरे हुए हैं। नेपाल में लगातार हिंसा और आगजनी की घटनाएं हो रही हैं। तोड़फोड़ और मौतों की खबरों से फंसे हुए लोगों में डर का माहौल है। फोन के जरिए संपर्क करके हिंसा में फंसे लोग पल-पल का अपडेट अपने परिजनों को दे रहे हैं। वहीं, इस खबर के बाद परिजनों के बेचैनी बढ़ गई है। 

 छतरपुर कोतवाली क्षेत्र की गल्ला मंडी निवासी व्यापारी पप्पू मातेले (पिता स्व. सुक्कू मातेले), ट्रांसपोर्ट कारोबारी निर्देश अग्रवाल, गुड्डू अग्रवाल (पिता जयनारायण अग्रवाल) और एक कुशवाहा परिवार नेपाल घूमने गए थे। ये सभी लोग अब काठमांडू में फंस गए हैं। निर्देश अग्रवाल ने होटल की खिड़की से बाहर हो रही हिंसा और आगजनी का वीडियो भेजकर स्थिति की गंभीरता बताई है।छतरपुर विधायक ललिता यादव ने भी वीडियो कॉल के जरिए नेपाल में फंसे परिवारों से बात की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को इस मामले की जानकारी है और सरकार हर संभव मदद कर रही है। विधायक ने कहा कि पहले भी प्रदेश और देश के लोग विदेशों में फंसे थे, लेकिन हमारी सरकार और प्रधानमंत्री ने उन्हें सुरक्षित वापस लाया था। इस बार भी ऐसा ही होगा। परिवारों को चिंता करने की जरूरत नहीं है, उन्हें सकुशल भारत लाने के प्रयास जारी हैं।

 
 
 

Share This News :