Homeअपना शहर ,
SP ऑफिस के पास SBI बैंक से रुपये लेकर निकले PHE ठेकेदार से पांच लाख की लूट

मध्यप्रदेश के ग्वालियर शहर में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि एसपी ऑफिस से महज कुछ दूरी पर स्थित SBI बैंक से रुपये लेकर निकले PHE ठेकेदार से बाइक सवार दो लुटेरों ने पांच लाख की लूट की वारदात को अंजाम दिया है। बता दें कि जिस वक्त लूट की वारदात हुई, उस वक्त प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री बैंक के पास स्थित जीवाजी यूनिवर्सिटी में बैठक ले रहे थे।ग्वालियर शहर में अपराधों का ग्राफ कम होने का नाम नहीं ले रहा है। बदमाश एक के बाद एक वारदातें कर पुलिस को चैलेंज दे रहे हैं? आज फिर सोमवार को बदमाशों ने PHE ठेकेदार से पांच लाख रुपये लूटने की वारदात को अंजाम दे डाला। दिनदहाड़े लूट वारदात ठेकेदार विनय आनंद के साथ उस वक़्त हुई, जब विनय SP ऑफिस के पीछे सिटी सेंटर स्थित SBI बैंक से रुपये लेकर निकले थे। तभी पल्सर सवार दो लुटेरे उनके पास आकर रुके और रुपयों से भरा बैग छीनकर भाग निकले। विनय के साथ-साथ भागते लूटेरों को यूनिवर्सिटी चौराहे पर तैनात दो पुलिसकर्मियों ने भी रोकने की कोशिश की, लेकिन वह भी नाकाम रहे। गौरतलब है कि लूट की वारदात उस वक्त हुई जब SBI बैंक के पास स्थित जीवाजी यूनिवर्सिटी में प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार बैठक ले रहे थे। जबकि NSUI का यूनिवर्सिटी चौराहे पर प्रदर्शन चल रहा था, जहां काफी संख्या में पुलिस मौजूद थी। उसके बाद भी लूट की वारदात कर बदमाश पुलिस की आंखों के सामने फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात के मामले में पुलिस का कहना है। घटना स्थल और आसपास के लगे CCTV फुटेज से लूटेरों का सुराग पाने की कोशिश की जा रही है। बदमाशों ने रैकी करने के बाद इस लूट को अंजाम दिया है। आपको बता दें कि सिटी सेंटर इलाके में SBI बैंक के बाहर पूर्व में भी एक लूट की वारदात जबकि इसी इलाके में लगभग आधा दर्जन लूट की वारदातें पूर्व में हो चुकी हैं।


 

Share This News :