हरियाणा में मतदान : फरीदाबाद में कांग्रेस-भाजपा समर्थक भिड़े
हरियाणा में आज विधानसभा चुनाव है। सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया है। शाम छह बजे तक वोट डाले जाएंगे। वोटिंग के लिए बीस हजार से अधिक मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
फरीदाबाद में भिड़ें कांग्रेसी-भाजपाई
फरीदाबाद सेक्टर 15 ए विद्या मंदिर स्कूल में कांग्रेस व भाजपा के समर्थकों में लड़ाई हो गई।
मतदान में देरी के चलते राई में ग्रामीणों का विरोध
सोनीपत में छह विधानसभा सीटों पर चुनावी प्रक्रिया शुरू हो गई है। शहरी क्षेत्र के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी मतदाता मतदान करने के लिए पहुंचने लगे हैं। राई में मतदान प्रक्रिया में की जा रही देरी के चलते ग्रामीणों ने रोष जताया है। ग्रामीण राम प्रकाश, श्रदानंद और नरेश का कहना है कि जान बूझकर मतदान प्रक्रिया में देरी की जा रही है। सोनीपत के बूथ नंबर 156 और 160 पर ईवीएम खराब हो गई हैं। इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दी दी गई है। अधिकारियों के जल्द मौके पर पहुंचने की बात कही जा रही है।
सीएम नायब सैनी ने डाला वोट
कार्यवाहक सीएम नायब सैनी ने मतदान से पहले गुरुद्वारा साहिब में माथा टेका। टोहाना से भाजपा प्रत्याशी और पूर्व पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने परिवार सहित मतदान किया।परिवारों के साथ आ रहे मतदान करने
लोग अपने परिवारों के साथ वोट डालने आ रहे हैं। सोनीपत के गांव रोहट बूथ नंबर 48 पर ग्रामीण कप्तान, शकुंतला, बेटा दीपक बहू पूजा एक साथ वोट डालने आए।
लोगों में दिखा उत्साह
मतदान के लिए लोगों में उत्साह है। प्रदेश में 2,03,54,350 कुल मतदाता हैं। इनमें से 1,07,75,957 पुरुष, 95,77,926 महिलाएं और थर्ड जेंडर 467 मतदाता है। 18 से 19 आयु वर्ग के 5,24,514 युवा मतदाता है। 1,49,142 दिव्यांग मतदाता है, जिसमें से 93,545 पुरुष व 55,591 महिला व 6 थर्ड जेंडर मतदाता हैं।