आजादी के बाद एथलेटिक्स में दो पदक जीतने वाले पहले भारतीय बने नीरज, भाला फेंक में जीता रजत
भारत के स्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा ने पेरिस ओलंपिक में 89.45 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ रजत पदक अपने नाम किया। नीरज का इस सत्र का यह सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इसी के साथ नीरज आजादी के बाद एथलेटिक्स में दो ओलंपिक पदक जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बन गए हैं। नीरज ने टोक्यो ओलंपिक में 87.58 मीटर के अपने सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ स्वर्ण पदक जीता था, लेकिन वह पेरिस में टोक्यो का प्रदर्शन नहीं दोहरा सके। पाकिस्तान के नदीम ने अपने दूसरे प्रयास में 92.97 मीटर का रिकॉर्ड थ्रो कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। पाकिस्तान का 1992 बार्सीलोना ओलंपिक के बाद यह पहला ओलंपिक पदक है। ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स 88.54 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ तीसरे स्थान पर रहे। पाकिस्तान के अरशद नदीम ने पहले प्रयास में फाउल के साथ शुरुआत की। नीरज को शुरू से ही नदीम से कड़ी चुनौती मिलने की उम्मीद थी। वहीं, जूलियन वेबर ने भी पहले प्रयास में फाउल किया। गत चैंपियन नीरज चोपड़ा ने भी पेरिस ओलंपिक के फाइनल में फाउल के साथ शुरुआत की। नीरज भाला फेंकने के बाद खुद पर नियंत्रण नहीं रख सके और लाइन को छू गए जिससे उनका प्रयास फाउल करार दिया गया। मालूम हो कि नीरज ने क्वालिफिकेशन में अपने पहले ही प्रयास में 89.34 मीटर का थ्रो कर फाइनल के लिए क्वालिफाई किया था।
ओलंपिक में दो पदक जीतने वाले चौथे भारतीय बने नीरज
नीरज चोपड़ा भले ही स्वर्ण पदक का सफलतापूर्वक बचाव नहीं कर सके, लेकिन वह ओलंपिक में दो पदक जीतने वाले चौथे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। नीरज से पहले पहलवान सुशील कुमार, बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधू और निशानेबाज मनु भाकर ही यह उपलब्धि अपने नाम कर सके हैं। सुशील कुमार ने 2008 में कांस्य और 2012 लंदन ओलंपिक में 66 किग्रा भार वर्ग में रजत पदक जीता, जबकि सिंधू ने महिला एकल मुकाबले में 2016 रियो ओलंपिक में रजत और टोक्यो 2020 में कांस्य पदक अपने नाम किया था। महिला निशानेबाज मनु भाकर ने पेरिस ओलंपिक में ही व्यक्तिगत और मिश्रित स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था।