Homeराज्यो से ,प्रमुख खबरे,
सपा संकटः अखिलेश और मुलायम खेमा अलग चुनाव लड़ने की तैयारी में

सपा में मुलायम और अखिलेश खेमे अब अलग-अलग चुनाव लड़ने की तैयारी में दिख रहे हैं। शुक्रवार देर रात मुलायम सिंह यादव ने शिवपाल यादव और अमर सिंह से इस मुद्दे पर भी चर्चा की। चर्चा है कि मुलायम सिंह ने चुनाव आयोग को पत्र भेजकर पार्टी चुनाव चिह्न साइकिल पर दावा ठोक दिया है।

आयोग से कहा गया है कि मुलायम सिंह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और साइकिल पर उनका अधिकार बनता है।

शुक्रवार को दिन भर सुलह के लिए चली बैठकें बेनतीजा रहीं। मध्यस्थता की भूमिका निभा रहे आजम खां ने ऐन वक्त पर मुलायम सिंह को प्रेस कांफ्रेंस न करने पर मना लिया। सूत्रों के मुताबिक मुलायम सिंह मीडिया के सामने अलग चुनाव लड़ने का ऐलान करने वाले थे। हालांकि आजम ने सुलह की आस अभी तक नहीं छोड़ी है।

बताया जा रहा है कि मुलायम खेमे ने अपने अलग प्रत्याशी उतारने का निर्णय कर लिया है। अब उन लोगों की पहचान की जा रही है जिन्होंने मुश्किल वक्त में मुलायम का साथ छोड़ दिया। मुलायम पार्टी के उन वरिष्ठ नेताओं के बयानों से मर्माहत हैं जिनको उन्होंने पार्टी में आगे बढ़ाया। चुनाव आयोग में झगड़ा पहुंचने से पहले तक मुलायम सिंह सपा के 393 प्रत्याशियों का ऐलान कर चुके थे। इसमें से बहुत से अखिलेश खेमे द्वारा घोषित सूची में शामिल हैं।

इस बीच रामगोपाल यादव ने दिल्ली में सपा विधायकों के हलफनामे की कॉपी मुलायम सिंह यादव के आवास पर अपने वकील के जरिये भिजवाई है लेकिन वहां उसे रिसीव नहीं किया गया। वहीं दूसरीअ ओर आजम खां मुलायम सिंह को यह मनाने में लगे हैं कि अखिलेश यादव अध्‍यक्ष के तौर पर तीन महीने मांग रहे हैं और आप मान जाये। बताया जा रहा है कि मुलायम सिंह इसके लिये तैयार नहीं हैं। अमर सिंह और शिवपाल यादव मुलायम सिंह को अलग चुनाव लड़ना ही बेहतर विकल्प बता रहे हैं। आज इन्हीं सब सवालों पर मुलायम के आवास पर चर्चा हुई। अब सबकी निगाहें 9 जनवरी को चुनाव आयोग के आने वाले फैसले टिकी हैं। इस बीच अखिलेश खेमा चुनावी गठबन्धन के लिये कांग्रेस से संपर्क में है। इसके साथ ही चुनावी तैयारियों के लिये टीम अखिलेश ने काम शुरू कर दिया है। सांसद डिम्पल यादव सोशल मिडिया पर प्रचार अभियान में सक्रिय हैं।

Share This News :