Homeराज्यो से ,प्रमुख खबरे,
दिल्ली से कोलकाता तक टीएमसी का प्रोटेस्ट, गृह मंत्रालय ने जताई चिंता

नोटबंदी पर केंद्र सरकार को घेरने में जुटी पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अपनी पार्टी के सांसद सुदीप बंदोपाध्याय की गिरफ्तारी के बाद से भड़की हुई हैं. पश्चिम बंगाल में जगह-जगह बीजेपी के कार्यालयों पर हमले हुए हैं तो ये दंगल दिल्ली तक पहुंच गया है. टीएमसी का आरोप है कि केंद्र की सरकार सीबीआई की गलत इस्तेमाल कर रही है और चिटफंड केस में पार्टी के नेताओं के फंसाने में लगी हुई है.

बाबुल सुप्रियो के घर पर प्रदर्शन
सुदीप बंदोपाध्याय की गिरफ्तारी के विरोध में टीएमसी ने राजधानी कोलकाता सहित राज्य के विभिन्न जगहों पर विरोध रैली निकाली. इस दौरान कोलकाता में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष की कार पर हमला किया, वहीं केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो का कोलकाता स्थित घर भी प्रदर्शनकारियों के गुस्से का शिकार हुआ. बाबुल सुप्रियो ने घटना पर ट्वीट करते हुए कहा कि टीएमसी गुंडों ने मेरे अपार्टमेंट के गेट को तोड़ने की कोशिश की. यहां मेरे माता-पिता रहते हैं. नारेबाजी हो रही है. ये शर्म की बात है. इस घटना के लिए उन्होंने कोलकाता पुलिस को भी जिम्मेदार ठहराया.

बीजेपी दफ्तरों पर हमले
इस बीच पश्चिम बंगाल में बीजेपी के कई दफ्तरों पर भी हमले की खबर है. बीजेपी के प्रदेश मुख्यालय पर भी कथित टीएमसी कार्यकर्ताओं ने पथराव किया, जिसमें कई लोग घायल हो गए. इन हमलों के बाद बीजेपी कार्यालय के बाहर सीआरपीएफ को तैनात किया गया है.

गृह मंत्रालय ने जताई चिंता
रोज वैली चिटफंड घोटाले में पश्चिम बंगाल की सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस के सांसद सुदीप बंदोपाध्याय की गिरफ्तारी के विरोध में टीएमसी कार्यकर्ता के हिंसक प्रदर्शन पर गृह मंत्रालय ने चिंता जताई है. गृह मंत्रालय से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, इन हिंसक घटनाओं को लेकर मंत्रालय काफी गंभीर है और उसने राज्य सरकार से वहां के कानून व्यवस्था की जानकारी ली.

 

Share This News :