Homeदेश विदेश ,प्रमुख खबरे,slider news,
अजीज ने स्वीकारा, पाक के पास नहीं है कुलभूषण जाधव के रॉ एजेंट होने के सबूत!

पाकिस्तान आखिरकार एक बार फिर भारत के खिलाफ अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सका। भारतीय नौसेना से रिटायर्ड कुलभूषण जाधव को भारतीय जासूस साबित करने पर तुली पाकिस्तानी सरकार ने आज स्वीकार किया कि जाधव को लेकर सरकार के पास पर्याप्त सबूत नहीं हैं।

जियो न्यूज के मुताबिक पाकिस्तानी प्रधानमंत्री के विदेश मामलों के सलाहकार सरताज अजीज ने कहा कि कथित भारतीय जासूस कुलभूषण जाधव को लेकर सरकार को अपर्याप्त सबूत सौंपे गये हैं। सीनेट के समक्ष अजीज ने कहा कि जाधव से जुड़े डोजियर में सिर्फ इकबालिया बयान शामिल है। समाचार चैनल ‘जियो टीवी’ के अनुसार उन्होंने कहा कि सरकार के पास कोई निर्णायक सबूत नहीं है।

उन्होंने कहा कि डोजियर में जो बाते हैं वे पर्याप्त नहीं हैं। अब संबंधित प्राधिकारों पर है कि वे इस एजेंट को लेकर अधिक सामग्री मुहैया कराएं। पाकिस्तानी एजेंसियों का दावा है कि ईरान से पाकिस्तान में दाखिल होने वाले जाधव को बलूचिस्तान से गिरफ्तार किया गया और वह पाकिस्तान के भीतर ‘विध्वंसक गतिविधियों’ की योजना बना रहा था।

पाकिस्तानी सेना ने भी जाधव के ‘इकबालिया बयान वाला वीडियो’ जारी कर दावा किया था कि जाधव भारतीय नौसेना से जुड़ा हुआ है। भारत ने स्वीकार किया है कि जाधव भारतीय नौसेना से सेवानिवृत्त है, लेकिन इस आरोप से इंकार किया है कि वह सरकार के संपर्क में था।

Share This News :