Home > देश विदेश ,
लो आ गई पहली तारीख, सबको है सैलरी का इंतजार, क्या सिस्टम में है पूरा कैश?

नोटबंदी के बाद पहली बार 1 तारीख आ रही है। 1 तारीख यानि सैलरी का दिन और देश में लाखों लोग ऐेसे हैं जिन्हें सैलरी कैश में मिलती है। ऐसे में अब सबसे बड़ा सवाल ये है कि क्या लोगों को सैलरी देने के लिए इस वक्त सिस्टम में पर्याप्त कैश है? खासतौर पर प्राइवेट सेक्टर में जहां पर बहुत बड़े तबके को कैश ही मिलता है। दूसरा जिन्हें चेक या अकाउंट में सैलरी मिल भी जाएगी क्या वो उसे निकाल पाएंगे, तो ऐसे कई सारे सवाल हैं जिनके जबाव तलाशने होंगे।

गौरतलब है कि सैलरी को लेकर नकदी का संकट देखते हुए प्राइवेट सेक्टर ने सरकार से सैलरी के लिए ज्यादा कैश निकालने की मांग की थी, और वहीं सरकारी कर्मचारियों को 10,000 रुपये कैश एडवांस सैलरी के तौर पर दिया गया। हालांकि, उम्मीद है कि आरबीआई के उठाए गए नए कदमों से कैश की किल्लत थोड़ी कम होगी।

आरबीआई ने कैश नियमों में ढील का ऐलान किया है। आरबीआई ने बैंक काउंटर से कैश निकालने की लिमिट को खत्म कर दिया है। हालांकि नई करेंसी में जमा पैसे को निकालने की ही पूरी छूट मिलेगी। नए नियमों के मुताबिक 29 नवंबर के बाद से ग्राहक अपने खाते से तय लिमिट से ज्यादा कैश निकाल सकेंगे। बैंक काउंटर से कैश निकालने पर 500 रुपये और 2000 रुपये नोट मिलेंगे।

आरबीआई के नए नियम सिर्फ वैध नोट जमा करने पर ही लागू होंगे। पुराने 500 और 1000 के नोट जमा करवाने पर यह नियम लागू नहीं होगा। इसे आप ऐसे समझ सकते हैं कि जैसे आज आपने आपने बैंक में  50,000 रुपये वैध नोट जमा करवाए। वैध नोट में 10, 20, 50, 100 और 500, 2000 के नए नोट शामिल हैं। तो ये 50 हजार रुपये जब चाहे आप निकाल सकते हैं। इस बीच सीएनबीसी-आवाज़ को सूत्रों मिली एक्सक्लूसिव जानकारी के मुताबिक सरकार ने सैलरी के लिए आरबीआई और बैंकों को खास निर्देश दिए हैं। ऐसे बैंक जिनमें ज्यादा सैलरी और पेंशन अकाउंट हैं उन्हें 20-30 फीसदी ज्यादा कैश दिया जाएगा। इसके अलावा इन बैंकों में कर्मचारियों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। ऐसे कर्मचारी जिन्हें सैलरी कैश में मिलती है और जिनके पास अकांउट नहीं है उनके अकाउंट खोलने के लिए स्पेशल कैंप लागने के भी निर्देश दिए गए हैं।

बहुत सारे कारोबारी परेशान हैं कि आखिर 1 तारीख को वो अपने कर्मचारियों को सैलरी कैसे देंगे। खासतौर पर उनको जिन्हें सैलरी कैश में जाती है। ऐसे ही एक कारोबारी का कहना है कि हमारी कंपनी में ज्यादातर कर्मचारियों के अकाउंट हैं और जितनी भी सैलरी है वो चेक से जाती है। लेकिन, हमें वहां दिक्कत आ रही है जहां हमें कुछ अन-स्कील्ड वर्कर काम पर रखने पड़ते हैं, ऐसे कर्मचारियों को सैलरी देने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।

दरअसल ऐसे वर्कर को कैश चाहिए वहां हमारे लिए एक समस्या बनी हुई है। इसके अलावा ट्रांसपोर्टर को हमें कैश में पेमेंट करना होता है वहां परेशानी है। साथ ही कंपनी के तौर पर 50000 रुपये निकालने की छूट तो जरूर है लेकिन हर बार बैंक से पूरे पैसे मिलते नहीं हैं।

500 और 1000 के नोट बंद होने के बाद यह पहला महीना है जब कामगार या कारीगर इस क्लास के लोगों को पेमेंट चेक से देना पड़ रहा है। लेकिन आज भी कई लोग हैं जिनका बैंक अकाउंट नहीं खुला है। कैश मार्केट में इतना नहीं है कि कमागारों को पेमेट कर सकें और चेक लेने के लिए कामगार तैयार नहीं हैं, ऐसी तस्वीर सभी जगह देखने को मिल रही है। इन परिस्थितियों से निपटने के लिए वाशी के एपीएमसी मार्केट के व्यापारियों ने बैंक का एक स्टॉल लगाया है जो कम से कम कागजात पर बैंक खाता खोलने में मदद कर रहा है।

Share This News :