Home > देश विदेश ,
पूर्व आर्मी चीफ बिक्रम सिंह की हिदायत, बाजवा से सतर्क रहे भारत

भारत के पूर्व सेनाध्यक्ष बिक्रम सिंह ने पाकिस्तान के नए सेनाध्यक्ष कमर जावेद बाजवा से भारत को सतर्क रहने की हिदायत दी है। बिक्रम सिंह ने कहा कि कमर बाजवा के आने के बाद अगर पाकिस्तानी सेना की रणनीति में बड़ा बदलाव आता है तो भारत को सतर्क रहने की जरूरत होगी।

दरअसल, कमर बाजवा बिक्रम सिंह के साथ संयुक्‍त राष्‍ट्र शांति मिशन के तहत अफ्रीकी देश कांगो में काम कर चुके हैं। बिक्रम सिंह के मुताबिक बाजवा बहुत पेशेवर और अपने काम को लेकर काफी चुस्त हैं। बिक्रम सिंह के मुताबिक संयुक्त राष्ट्र में उनका प्रदर्शन काफी सराहनीय था लेकिन संयुक्त राष्ट्र में काम करना और देश की सेना के लिए काम करना दो अलग- अलग बाते हैं।

उन्होंने कहा कि जब कोई देश की सेना में रहता है तो उसके लिए देश सबसे पहले आता है। बिक्रम सिंह ने उम्मीद जताई कि बाजवा के निशाने पर पाकिस्तान के चरमपंथी होंगे ना कि भारत, जैसा कि वो सार्वजनिक रूप से कई बार कह भी चुके हैं।

बता दें कि पाक के मौजूदा आर्मी चीफ राहील शरीफ 29 नवंबर को रिटायर होने वाले हैं जिसके बाद कमर बाजवा यह पद संभालेंगे। बाजवा प्रशिक्षण और मूल्यांकन महानिरीक्षक थे और उन्हें पदोन्नत कर फोर-स्टार जनरल बनाया गया और सेना प्रमुख नियुक्त किया गया। उन्होंने प्रसिद्ध 10 कोर का भी नेतृत्व किया है जो नियंत्रण रेखा के क्षेत्रों का जिम्मा संभालती है। उन्होंने 10 कोर में लेफ्टिनेंट कर्नल के तौर पर भी सेवा दी।

Share This News :