Home > देश विदेश ,
भारतीय सीमा में घुसे पाक हेलिकॉप्टर में PoK के पीएम थे सवार

पाकिस्तान ने एक बार फिर उकसाने वाली कार्रवाई कर दोनों देशों के बीच जम्मू-कश्मीर सीमा पर तनाव बढ़ा दिया। पाकिस्तान का सफेद रंग का हेलीकॉप्टर रविवार दोपहर करीब 12 बजे भारतीय सीमा में दाखिल हो गया। पांच मिनट तक भारतीय क्षेत्र में मंडराने के बाद वापस चला गया। सूत्रों का कहना है कि इस हेलीकॉप्टर में गुलाम कश्मीर के प्रधानमंत्री राजा फारूक अहमद सवार थे। माना जा रहा है कि हेलीकॉप्टर टोह लेने आया था।बढ़ते तनाव के बीच उत्तरी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ (जीओसी-इन-सी) ले. जनरल रणबीर सिंह ने सीमा क्षेत्रों का दौरा किया।

जम्मू स्थित सेना के प्रवक्ता ले. कर्नल देवेंदर आनंद ने बताया कि हेलीकॉप्टर पुंछ के गुलपुर सेक्टर से 300 मीटर तक भारतीय क्षेत्र में घुस आया था। सीमा पर तैनात भारतीय सेना के जवान हेलीकॉप्टर को देखते ही सतर्क हो गए और हल्के हथियारों से फायरिग शुरू कर दी। पांच मिनट तक हेलीकॉप्टर भारतीय क्षेत्र में मंडराता रहा और बेतार क्षेत्र से वापस लौट गया।

पाकिस्तानी हेलीकॉप्टर जिस समय भारतीय सीमा में दाखिल हुआ था, उस समय बड़ी संख्या में लोग खेतों में काम कर रहे थे। लोग इधर-उधर भागने लगे। गोलीबारी रुकने और हेलीकॉप्टर के वापस लौटने के बाद लोग फिर से अपने खेतों में काम करने लगे।अंतराष्ट्रीय हवाई क्षेत्र संधि के तहत कोई भी विमान या हेलीकॉप्टर किसी देश की नियंत्रण रेखा के एक किलोमीटर तक नहीं आ सकता है।रविवार को उत्तरी कमान के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल रणबीर सिंह ने रक्षा तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने उत्तरी व मध्य कश्मीर में तैनात सुरक्षाकर्मियों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया। सेना के कमांडर ने सभी रैंक के जवानों को उनकी वीरता, निस्वार्थ समर्पण व ऊंचे मनोबल के लिए शुभकामनाएं दीं।

Share This News :