Home > देश विदेश ,
LOC पर मुठभेड़, तीन पाकिस्तानी आतंकी ढेर

श्रीनगर। à¤¸à¥‡à¤¨à¤¾ ने शनिवार को उत्तरी कश्मीर के टंगडार (कुपवाड़ा) सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर घुसपैठ के प्रयास को नाकाम बनाते हुए तीन पाकिस्तानी आतंकियों को मार गिराया।

उनके अन्य साथियों की धरपकड़ के लिए सेना ने सघन तलाशी अभियान चला रखा है। सैन्य अधिकारियों ने बताया कि टंगडार सेक्टर में बलथारिया इलाके में सेना की छह गढ़वाल रेजिमेंट के जवानों ने दोपहर को एलओसी पर कुछ संदिग्ध गतिविधियां देखीं।

जवानों ने अग्रिम इलाकों में तलाशी अभियान चलाया। शाम करीब साढ़े चार बजे उन्होंने घुसपैठियों के दल को भारतीय इलाके में देखा। जवानों ने घुसपैठियों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा।

इस पर घुसपैठियों ने गोलीबारी शुरू की दी। जब सेना ने जवाबी कार्रवाई की तो घुसपैठिये वापस गुलाम कश्मीर की तरफ भागने लगे। कुछ वहीं छिप गए। उसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। सवा दो घंटे तक दोनों तरफ से गोलियां चलती रहीं।

आतंकियों की ओर से गोलीबारी थमने के बाद जब जवानों ने सावधानीपूर्वक आगे बढ़ते हुए मुठभेड़स्थल की तलाशी ली तो उन्हें वहां गोलियों से छलनी तीन आतंकियों के शव मिले।

घुसपैठियों की तादाद पांच थी। तीन मारे गए हैं और दो के एलओसी पर कहीं छिपे होने की आशंका से इन्कार नहीं किया जा सकता। एहतियात के तौर पर पूरे इलाके में तलाशी अभियान चल रहा है।

गौरतलब है कि टंगडार सेक्टर में 13 अगस्त से पाकिस्तानी सैनिक रोज अंधेरा होते ही आतंकियों की घुसपैठ करवाने के लिए संघर्षविराम का उल्लंघन कर भारतीय ठिकानों पर गोलाबारी कर रहे हैं।

Share This News :