Home > देश विदेश ,
जापान में 6.9 तीव्रता का भूकंप, सुनामी की लहरें उठीं, लोगों में दहशत

तोक्यो। जापान के पूर्वोत्तर इलाके में 6.9 तीव्रता का भूकंप आया है। भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी जारी की गई है। भूकंप के झटके फुकुशिमा प्रांत में लगे हैं। भूकंप के बाद फुफुशिमा परमाणु संयंत्र के पास के तट पर सुनामी की एक मीटर ऊंची लहर उठी। तोक्यो इलेक्ट्रिक पावर के ऑपरेटर ने यह जानकारी दी।

इलाके में 6.9 तीव्रता का भूकंप आने के बाद टेलीविजन पर प्रसारित एक संवाददाता सम्मेलन में टीईपीसीओ के एक अधिकारी ने कहा कि सुनामी (स्थानीय समयानुसार) सुबह छह बजकर 38 मिनट पर आई। टीईपीसीओ के प्रवक्ता ने एएफपी को बताया कि इस लहर के कारण किसी प्रकार की समस्या पैदा होने की कोई सूचना नहीं मिली है।

इससे पहले देश की मौसम विज्ञान एजेंसी ने फुफुशिमा समेत पूर्वोत्तर तट पर सुनामी की करीब तीन मीटर ऊंची लहर उठने की आशंका जताई थी। यहीं फुफुशिमा परमाणु संयंत्र भी स्थित है जो पहले भी विश्व की सबसे भीषण परमाणु आपदाओं में से एक का शिकार हो चुका है। अमेरिकी जियोलॉजिक एजेंसी ने कहा कि फुफुशिमा के पास प्रशांत महासागर में (स्थानीय समयानुयार) सुबह छह बजे से थोड़ा पहले भूकंप आया, जिसका केंद्र 11.3 किलोमीटर गहराई में था। देश की मौसम विज्ञान एजेंसी ने 7.3 तीव्रता का भूकंप आने का अनुमान जताया था।

सरकारी मीडिया NHK ने स्‍थानीय लोगों को तत्‍काल वहां से भागकर ऊंचे स्‍थानों पर जाने के लिए कहा है। सरकारी मीडिया की स्‍क्रीन पर लाल अक्षरों में 'सुनामी', 'भागो' जैसे शब्‍दों वाली चेतावनी भी दर्ज की गई। इससे लोगों में 2011 में इसी क्षेत्र में आए भूकंप और सुनामी की यादें ताजा हो गई हैं। उस वक्‍त सर्वाधिक तबाही सुनामी की वजह से हुई थी और 18 हजार से अधिक लोगों की जानें चली गई थीं। मार्च, 2011 में यहां आए भूकंप और सुनामी के चलते टेप्‍को का डायची परमाणु प्‍लांट बुरी तरह प्रभावित हुआ था।

बता दें कि जापान दुनिया के सबसे सक्रिय सीस्मिक क्षेत्रों में शुमार है इसलिए यहां पर अक्‍सर भूकंप आते रहते हैं। दुनिया में 6 या उससे अधिक तीव्रता के अब तक आए सभी भूकंपों में अकेले जापान की हिस्‍सेदारी इस मामले में तकरीबन 20 प्रतिशत है।

सोशल मीडिया पर मांगी जा रही हैं दुआएं

ट्विटर पर #Fukushima और #prayforjapan मंगलवार सुबह से ही ट्रेंड करने लगा। सुनामी और भूकंप की खबर के बाद दुनिया भर में जापान के लिए दुआओं का दौर शुरू हो गया। कई यूजर्स ने जापान में भूकंप का वीडियो भी ट्वीट के साथ शेयर किया है।

Share This News :