Home > देश विदेश ,slider news,
PM मोदी का तंज- उद्योगपतियों संग खड़ा होने पर नहीं लगता है दाग

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लखनऊ में उत्तर प्रदेश के लिए 60 हजार करोड़ रुपये की 81 परियोजनाओं का शिलान्यास किया. कार्यक्रम में उनके साथ गृह मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के गवर्नर राम नाइक और सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे. इस कार्यक्रम में उद्योगपति मंगलम बिड़ला, गौतम अडानी समेत कई उद्योगपति भी शामिल हुए. इस महीने की यूपी में पीएम मोदी की यह छठी यात्रा है और लखनऊ की दूसरी यात्रा है.

उद्योगकारों की भूमिका अहम

पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि नियत साफ हो तो बड़े से बड़ा काम भी किया जा सकता है.पीएम मोदी ने कहा, 'जाने क्यों लोग उधोगपतियों के साथ खड़े होने में डरते हैं. जब नीयत साफ हो, इरादे नेक हों तो परिणाम दिखता है. महात्मा गांधी का जीवन इतना पवित्र था कि उनको बिड़ला जी के साथ रहने में कभी दिक्कत नहीं हुई. क्योंकि उनकी नीयत साफ थी.' जैसे एक मजदूर, किसान और जनता की भागीदारी होती है वैसे ही देश के उद्योगकारों की देश को बनाने में अहम भूमिका रहती है. क्या हम उन्हें अपमानित करेंगे? चोर, लूटेरे कहेंगे?

उद्योगपतियों के साथ का विरोध करने वाले पर्दे के पीछे तो उनसे खूब मुलाकात करते हैं और सामने आकर उनका ही विरोध करते हैं. नीरव मोदी और मेहुल चोकसी के द्वारा कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि उद्योगपतियों का साथ जरूरी है लेकिन जो गलत करेगा उसे या तो देश से भागना पड़ेगा या फिर जेल में जीवन बिताना पड़ेगा. पहले ऐसा नहीं होता था क्योंकि आज जो लोग विरोध कर रहे हैं पहले वो पर्दे के पीछे से इन्हें सपोर्ट करते थे. यह सबको मालूम है कौन लोग किसके हवाई जहाज से घूमते रहे.

यूपी में 50 से अधिक मोबाइल फोन बनाने वाली फैक्ट्रियां

पीएम मोदी ने कहा मैंने यूपी की 22 करोड़ जनता को वचन दिया था कि उनके प्यार को ब्याज़ समेत लौटाउंगा. यहां जो परियोजनाएं शुरू हो रही हैं वो उसी वचनबद्धता का हिस्सा हैं. ये प्रोजेक्ट्स उत्तर प्रदेश में आर्थिक और औद्योगिक असंतुलन को दूर करने में भी सहायक होंगे.

हम एक ऐसी व्यवस्था खड़ी करना चाहते हैं जहां किसी प्रकार के भेदभाव की गुंजाइश ना हो, प्रक्रियाओं में गति भी दिखे और संवेदनशीलता भी, ना अपना, ना पराया, ना छोटा, ना बड़ा, सबके साथ समान व्यवहार - 'सबका साथ, सबका विकास हो'.

आज देश दुनिया के लिए मेबाइल बनाने का हब बनता जा रहा है इस विनिर्माण क्रांति की अगुवाई उत्तर प्रदेश कर रहा है. यूपी में 50 से अधिक मोबाइल फोन बनाने वाली फैक्ट्रियां काम कर रही हैं. दुनिया की सबसे बड़ी मैन्यूफेक्चरिंग यूनिट की भी शुरुआत यहां हो चुकी है.

आज की समस्याओं के लिए 70 वर्षों का शासन जिम्मेदार

देश अभी जिन समस्याओं का सामना कर रहा है, वह पिछले 70 वर्षों के शासन का परिणाम है. अगले साल मार्च तक सभी घरों तक बिजली पहुंच जाएगी. भारत को मोबाइल उत्पादन हब के रूप में पहचाना जा रहा है. मोबाइल उत्पादन के मामले में हम विश्व में दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं. प्रधानमंत्री ने विकास के अभाव के लिए पूर्ववर्ती गैर भाजपा सरकारों की आलोचना की, कहा कि उनके पास इच्छाशक्ति नहीं थी और उनके इरादे स्पष्ट नहीं थे.

पीएम ने अटल बिहारी वाजपेयी को किया याद

उन्होंने कहा कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी कहते रहे हैं कि वो ऐसा भारत देखना चाहते हैं जो समृद्ध हो, सक्षम हो और संवेदनशील हो. जहां गांव और शहरों के बीच खाई ना हो. जहां केंद्र और राज्य में, श्रम और पूंजी में, प्रशासन और नागरिक में फर्क ना हो.

पीएम मोदी ने कहा कि बिजली के क्षेत्र में जो भी सुधार किए गए हैं, उनसे देश और देश के सामान्य जन के हज़ारों करोड़ रुपयों की बचत हुई है. उदय योजना ने डिस्ट्रिब्यूशन कंपनियों को नई लाइफलाइन दी है. उजाला के LED बल्ब लगाए गए उससे 3 वर्षों के दौरान बिजली के बिल में करीब 50,000 करोड़ की बचत हुई है.

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि यहां मौजूद आप सभी को और तमाम निवेशकों को भरोसा दिलाना चाहता हूं कि अभी तो ये शुरुआत है. आप राष्ट्र निर्माण की एक महत्वपूर्ण इकाई हैं और आपके संकल्प, देश के करोड़ों नौजवानों को सपनों से भी जुड़े हुए हैं.

जनता को संकट से उबारना सरकार की जिम्मेदारी

पीएम मोदी ने कहा कि जनता को संकट से उबारना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है और हम पिछले चार वर्षों से इस जिम्मेदारी का निर्वहन करते आ रहे हैं. उन्होंने कहा कि शनिवार को मुझे बेघर लोगों को अपने घर की चाबी सौंपने का मुझे अवसर मिला. पांच महीने में उत्तर प्रदेश में दूसरी बार उद्योग जगत के लोगों के साथ ऐसा मुलाकात हो रही है. पिछली बार फरवरी में सवा चार लाख करोड़ के निवेश की नींव रखी गई थी. पांच महीनें में अब 60 करोड़ की परियोजनाओं की नींव रखना अद्भुत सफलता है.

इन परियोजनाओं की शुरुआत के लिए सरकार, अफसर और यहां के किसान बधाई के पात्र हैं. किसानों को जमीन देने के लिए और यहां के पटवारी को भी बधाई और धन्यवाद अर्पित करता हूं. उन्होंने कहा कि देश को प्रधानमंत्री चला पाता या फिर पटवारी चला पाता है.

संतुलित विकास उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी आवश्यकता है और जनता के लिए ये खुशी की बात है कि सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की सर्वांगिम विकास की नींव रखी है. उन्होंने प्रदेश के हर भूभाग के लिए काम किया और निवेश के लिए सभी जगहों का खयाल रखा. निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने के लिए मुख्यमंत्री योगी बधाई के पात्र हैं.

एक वो समय था जब निवेश के लिए यूपी को लोग चुनौती मानते थे लेकिन आज का ये आयोजन और निवेश उत्तर प्रदेश की बदलती तस्वीर का प्रतीक है.

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री शनिवार को भी लखनऊ आए थे और यहां उन्होंने 3,897 करोड़ रुपये की 99 परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया था.

 

Share This News :