Homeराज्यो से ,slider news,
आज आजादपुर मंडी में केजरीवाल की रैली, ममता भी होंगी साथ

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल 500- 1000 रुपये के पुराने नोटों का चलन बंद करने के केंद्र सरकार के कदम के विरोध में आज एक रैली करने जा रहे हैं। इस रैली में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी शामिल होंगी। आजादपुर मंडी में इस रैली का आयोजन आम आदमी पार्टी की ओर से किया गया है। ये राष्ट्रीय राजधानी में सब्जी और फल की सबसे बड़ी मंडी है।
केजरीवाल ने ट्वीट किया कि नोटों को चलन से बाहर करने के खिलाफ आजादपुर मंडी में 11 बजे जनसभा होगी। नोटों को चलन से बाहर किए जाने के कारण समस्याओं का सामना कर रहे लोग वहां पहुंचें। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी व्यापारियों, किसानों और श्रमिकों को संबोधित करेंगीं। बता दें कि ममता बनर्जी ने नोटबंदी के खिलाफ कल राष्ट्रपति भवन तक मार्च किया था जिसमें शिवसेना, आप भी शामिल थी।
दिल्ली के श्रम मंत्री गोपाल राय ने भी कहा कि 500 और 1000 रुपये के नोट बंद करने के मामले पर ध्यान केंद्रित करने के लिए व्यापारियों, किसानों और श्रमिकों के साथ बैठक होगी।
यह घोषणा ऐसे समय में की गई है जब एक दिन पहले केजरीवाल ने राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी से अपील की थी कि वे केंद्र को नोटों को चलन से बाहर करने का कदम वापस लेने का निर्देश दें। उन्होंने नोटों को चलन से बाहर करने के कदम सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच कराए जाने की भी मांग की।
केजरीवाल ने केंद्र के निर्णय के खिलाफ कल विधानसभा में एक प्रस्ताव पेश किया था। उन्होंने भाजपा का परोक्ष रूप से जिक्र करते हुए नोट बंद किए जाने के कदम को एक विशेष राजनीतिक दल को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से देश के साथ किया गया धोखा करार दिया था।

Share This News :