Homeदेश विदेश ,प्रमुख खबरे,slider news,
ट्रंप के रणनीतिकार ने मोदी की जीत को बताया था ‘वैश्विक विद्रोह’

वॉशिंगटन। अमेरिका के निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा नामित मुख्य रणनीतिकार स्टीव बैनन ने 2014 में नरेंद्र मोदी के भारत का प्रधानमंत्री निर्वाचित होने को मौजूदा तंत्र के खिलाफ एक ‘वैश्विक विद्रोह’ का हिस्सा बताया था।

बैनन ने 2014 में वीडियो चैट सेवा ‘स्काइप’ के जरिये वेटिकन सिटी के दर्शकों से कहा था, ‘मुझे लगता है कि आप लैटिन अमेरिका में ऐसा देखेंगे, मुझे लगता है कि एशिया में भी देखेंगे, मुझे लगता है कि आप भारत में पहले ही यह देख चुके हैं।’

न्यूज वेबसाइट ‘बजफीड’ द्वारा जारी बातचीत की प्रतिलिपि के अनुसार, उन्होंने कहा, ‘मोदी की शानदार जीत रीगन (पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन) के सिद्धांतों पर आधारित है, इसलिए मुझे लगता है कि यह एक वैश्विक विद्रोह है और हम बेहद खुशकिस्मत एवं गौरवान्वित हैं कि हम वह न्यूज साइट हैं जो पूरी दुनिया में यह खबर दे रहे हैं।’

168 सदस्यों ने की बैनन को हटाने की मांग

भारतीय अमेरिकी अमी बेरा समेत कुल 168 डेमोक्रेटिक सांसदों ने अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से स्टीव बैनन की प्रमुख रणनीतिकार के रूप में की गई नियुक्ति रद्द करने की मांग की है। यह मांग श्वेत लोगों के वर्चस्व की वकालत करने वालों के साथ बैनन के कथित संबंधों के चलते की जा रही है।

डेमोक्रेटिक सांसदों ने ट्रंप को लिखे एक पत्र में कहा, ‘हमारा यह मानना है कि बैनन की नियुक्ति देश को ठीक होने और एक साथ आने नहीं देगी। आपके शीर्ष सलाहकारों में से एक सलाहकार के रूप में, वाइट हाउस का प्रमुख रणनीतिकार आपके प्रशासन का रुख तय करने में मदद करेगा। इस भूमिका को निभाने वाला व्यक्ति सभी अमेरिकियों के हितों की पूर्ति के लिए तैयार होना चाहिए न कि कुछ चुनिंदा लोगों के।’

न्यूयार्क के ट्रंप टावर में पहुंचाए गए पत्र में कहा गया, ‘हम आपसे दृढ़ता के साथ यह अपील करते हैं कि आप इस नियुक्ति को तत्काल रद्द करें और वाइट हाउस में विविधता से परिपूर्ण श्रमबल तैयार करें, जो समावेश, विविधता और सहिष्णुता के मूल अमेरिकी मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध हों।’

Share This News :