Home > देश विदेश ,
आतंकी हमला, 1 शहीद व दो घायल

श्रीनगर। à¤†à¤¤à¤‚कियों ने बुधवार शाम जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित पांपोर में राज्य पुलिस से संबंधित आइआरपी (इंडियन रिजर्व पुलिस) की 17वीं वाहिनी के वाहन पर हमला किया, जिसमें एक पुलिसकर्मी शहीद व दो अन्य घायल हो गए।

हमले के बाद आतंकी भाग निकले, जिन्हें पकड़ने के लिए तलाशी अभियान चलाया गया है। जानकारी के अनुसार, आइआरपी के जवानों के वाहन श्रीनगर से पट्टन (अनंतनाग) की ओर जा रहे थे।

पांपोर बाईपास पर कंडीजाल के पास रात करीब सवा आठ बजे आतंकियों ने आइआरपी के टाटा-407 वाहन पर हमला किया। आतंकियों ने वाहन पर दो तरफ से गोलियां चलाईं। हमले में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए।

काफिले के साथ चल रहे अन्य जवानों ने तुरंत वाहन रोके और जवाबी फायर किया। इस पर आतंकी भाग निकले। घायल तीनों पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए सेना के 92 बेस अस्पताल में दाखिल कराया गया।

जहां पुलिसकर्मी तनवीर अहमद ने दम तोड़ दिया, जबकि मुदस्सर अहमद और मुहम्मद आयूब का उपचार जारी है। डीआइजी दक्षिण कश्मीर रेंज अमित कुमार ने हमले की पुष्टि करते हुए बताया कि आतंकियों को पकड़ने के लिए चप्पा-चप्पा खंगाला जा रहा है।

 

बैंक लूटने आए आतंकी भागे

कुलगाम के चौवलगाम में बुधवार दोपहर बाद तीन आतंकी बैंक लूटने के इरादे से बिना नंबर वाली कार में स्थानीय बैंक शाखा के पास पहुंचे। जैसे ही आतंकी बाहर निकलने लगे, सुरक्षाबलों ने उन्हें देख लिया।

 

जवानों ने गोली चलाई तो आतंकियों को अपनी जान बचाकर भागना पड़ा। उधर श्रीनगर के बेमिना इलाके में तड़के पुलिस और अर्धसैनिकबलों के जवानों ने आतंकियों के छिपे होने की सूचना पर कासो(घेराबंदी कर तलाशी लेना) चलाया।

यह अभियान करीब दो घंटे चला, लेकिन आतंकियों का सुराग नहीं मिलने पर सुरक्षाबलों ने घेराबंदी हटा ली। रमजान संघर्षविराम समाप्त होने के बाद श्रीनगर के किसी हिस्से में यह पहला कासो था।

 

Share This News :