Homeअपना शहर ,खास खबरे,
केन्द्रीय मंत्री ने किया भविष्य निधि संगठन के क्षेत्रीय कार्यालय भवन का शिलान्यास

ग्वालियर। शासकीय कामकाज में पारदर्शिता लाने के लिये भारत सरकार ने कारगर कदम उठाए हैं। सूचना तकनीक के जरिए अब कामगारों के हित लाभ सीधे उनके बैंक खातो में पहुँच रहे हैं। साथ ही उद्योगों एवं अन्य संगठनों में कार्यरत कामगारों के हितों की सुरक्षा कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के माध्यम से की जा रही है। सरकार कामगारों को उनके हक का एक -एक पैसा दिलाने के लिये सरकार कटिबद्ध है। यह बात केन्द्रीय पंचायतीराज, ग्रामीण विकास व खनन मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने क्षेत्रीय भविष्य निधि संगठन के नवीन कार्यालय के शिलान्यास समारोह के समय कही।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद प्रभात झा, महापौर विवेक नारायण शेजवलकर, विधायक भारत सिंह कुशवाह, ग्वालियर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष अभय चौधरी व देवेश शर्मा सहित बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद थे। इस अवसर पर अपर भविष्य निधि आयुक्त सुशील कुमार लोहानी, कलेक्टर अशोक कुमार वर्मा व पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन भी मंचासीन थे।
केन्द्रीय मंत्री तोमर ने कहा कि भविष्य निधि संगठन द्वारा 21 हजार करोड रूपए की राशि संबंधित कामगारों के खातों में पहुंचाने की पहल की है। उन्होंने कहा सरकार यूएन नम्बर और आधार कार्ड के माध्यम से उन कामगारों को चिन्हित कर रही है, जिन्हें खुद पता नहीं है कि उनका पैसा भविष्य निधि संगठन में जमा है। इसकी शुरूआत कर दी गई है और अब तक लगभग 11 करोड रूपए की राशि संबंधित श्रमिकों के खातों में पहुंचाई जा चुकी है। श्री तोमर ने कहा शासकीय कामकाज में पारदर्शिता और सीधे ही हितग्राही के बैंक खातों में राशि पहुँचाने की वजह से लीकेज कम हुए हैं। इससे सरकार को लगभग 88 हजार करोड रूपए की बचत हुई हैए यह धन अब विकास कार्य में लग रहा है। उन्होंने मध्यप्रदेश सरकार द्वारा असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के कल्याण के लिये शुरू की गई मुख्यमंत्री जन कल्याण योजना की सराहना की। साथ ही पात्र कामगारों से इस योजना में पंजीयन कराने का आहवान किया।
राज्यसभा सांसद प्रभात झा ने कहा कि कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के क्षेत्रीय कार्यालय ग्वालियर से 9 जिले जुडे हैं। इस क्षेत्र के लगभग साढे पांच लाख कामगारों के हितों की रक्षा इसी कार्यालय के माध्यम से होती है। उन्होंने कहा कार्यालय का अत्याधुनिक भवन बनने के बाद यहाँ का कामकाज और बेहतर ढंग से संपादित हो सकेगा। साथ ही इससे कामगार भी लाभान्वित होंगे।
महापौर विवेक नारायण शेजवलकर ने कहा कि मालिक व मजदूर किसी भी संगठन को चलाने के लिये धुरी का काम करते हैं। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन कामगारों के हितों की रक्षा के लिये ही कार्यरत है। इसलिए उसके लिए अच्छा भवन होना भी जरूरी है। यह काम अब पूरा होने जा रहा है।
दिल्ली से आए अपर भविष्य निधि आयुक्त सुशील कुमार लोहानी ने कहा भारत सरकार का कर्मचारी भविष्य निधि संगठन विश्व का सबसे बडा सामाजिक सुरक्षा संगठन है। उन्होंने बताया कि लगभग साढे 9 करोड़ की लागत से बनने वाला यह भवन 18 माह में बनकर तैयार हो जायेगा। उन्होंने भविष्य निधि संगठन के कार्यों का विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला।
आरंभ में अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर व पट्टिका का अनावरण कर भविष्य निधि संगठन के क्षेत्रीय कार्यालय का शिलान्यास किया। कार्यक्रम के अंत में क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त जेल सिंह मीणा ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अपर आयुक्त भविष्य निधि संगठन चन्द्रमौली चक्रवर्ती , क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त अश्विनी कुमार गुप्ता व सुनील कुमार सुमन सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद थे।

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के क्षेत्रीय कार्यालय ग्वालियर के भवन का निर्माण लगभग साढे 9 करोड की लागत से होने जा रहा है। यहां मुुरैना लिंक रोड पर हजीरा थाने के समीप इस भवन और स्टाफ क्वाटर्स के निर्माण के लिये लगभग 40 हजार वर्गफीट जमीन आवंटित हुई है।

Share This News :