Home > राज्यो से ,slider news,
ज्योतिरादित्य सिंधिया को चांदी के डिनर सेट में अकेले कराया भोजन, फोटो वायरल

सांसद और प्रदेश कांग्रेस के चुनाव प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया का बदनावर में चांदी के डिनर सेट में भोजन करते फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वे वातानुकूलित कमरे में अकेले भोजन करते दिखाई दे रहे हैं। फोटो वायरल होने के बाद प्रतिक्रियाओं की सिलसिला चल पड़ा है।

परिवर्तन यात्रा के तहत सिंधिया इंदौर, जीराबाद, गंधवानी, धरमपुरी, मांगोद, राजोद होते हुए रविवार शाम शाम करीब 7.30 बजे बदनावर पहुुंचे थे। यहां निजी कॉलेज परिसर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से चर्चा और पत्रकार वार्ता और भोजन का कार्यक्रम था।

कार्यकर्ताओं के लिए कॉलेज प्रांगण में खुले व वीआईपी और पत्रकारों के लिए भीतर हॉल में भोजन की व्यवस्था थी। इससे पहले निजी कॉलेज के संचालक सिंंधिया को अलग से भोजन के लिए ले गए, जहां उन्हें चांदी के बर्तन में भोजन करवाया गया। इस दौरान पूर्व विधायक राजवर्धनसिंह दत्तीगांव और पार्टी के अन्य नेता बाहर बैठे रहे।

इधर, गंधवानी में सिंधिया ने कहा था कि वे भीषण गर्मी में लोगों से मिलने आए हैं। लू से बचने के लिए उन्होंने सिर पर गमछा बांध रखा था और जेब में प्याज भी रखी थी। लोगों को प्याज दिखाकर उन्होंने यह भी कहा था कि वे भी आम लोगों की तरह ही हैं। उनके वाहन में एसी भी नहीं है। जिस तरह मेहनतकश भीषण गर्मी में काम करते हैं, वैसे ही मैं भी आप लोगों के लिए काम करता हूं। लेकिन शाम को जब वे बदनावर पहुंचे तो एसी वाहन में सवार नजर आए। राजोद में जिस मंच से लोगों को संबोधित किया, वहां पानी की फुआरे छोड़ी जा रही थीं, ताकि मंच पूरी तरह ठंडा रहे।

आयोजक ने करवाया भोजन

नगर परिषद अध्यक्ष बदनावर अभिषेक मोदी टल्ला ने बताया कि आयोजक ने अपने हिसाब से भोजन करवाया। आयोजक चाहे जिस बर्तन में खिलाए, वह उसका निर्णय है। इससे क्या फर्क पड़ता है।

 

Share This News :