Home > राज्यो से ,slider news,
वैष्णो देवी मंदिर : आज से श्रद्धालुओं के लिए खुल जाएगा ताराकोटा मार्ग

श्री माता वैष्णो देवी के दर्शनों के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर है। रविवार से उनके लिए नए ताराकोटा मार्ग को भी खोल दिया जाएगा। इस मार्ग के खुलने से श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी। इस मार्ग पर घोड़े चलने की इजाजत नहीं होगी।

वहीं शनिवार को जम्मू कश्मीर के राज्यपाल एनएन वोहरा ने भी श्री माता वैष्णो देवी के दरबार में जाकर ताराकोटा मार्ग सहित अन्य प्रोजेक्टों की समीक्षा की। राज्यपाल ने इस मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान वह कई स्थानों पर रुके।

उन्होंने भोजनालय, व्यू प्वाइंट, मेडिकल यूनिट, शौचालय, पेयजल सुविधा, सुरक्षा, बिजली प्रबंधों के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने इस मार्ग पर कई जगह वाटर एटीएम स्थापित करने के अलावा डस्टबिन लगाने को भी कहा। इस मार्ग का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 19 मई को औपचारिक उद्घाटन करेंगे, लेकिन श्रद्धालुओं के लिए यह मार्ग रविवार से खोल दिया जाएगा।

राज्यपाल एनएन वोहरा ने शनिवार को श्रीनगर से वैष्णो देवी भवन में पहुंच कर पत्नी ऊषा वोहरा के साथ माता की पवित्र गुफा में दर्शन किए और राज्य में शांति व खुशहाली के लिए प्रार्थना की। उन्होंने 12 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे सियाडदबरी-भवन मैटीरियल रोपवे प्रोजेक्ट की भी समीक्षा की। इससे एक घंटे में पांच टन सामान ले जाया जा सकेगा।

राज्यपाल ने श्राइन बोर्ड के सीईओ को निर्देश दिए कि वह इस प्रोजेक्ट को समय पर पूरा करें। राज्यपाल ने 60 करोड़ की लागत से बन रहे भवन-भैरो घाटी पैसेंजर रोपवे का भी निरीक्षण किया और पूरे क्षेत्र को सुंदर बनाने को कहा। इस मौके पर श्राइन बोर्ड के सीईओ उमंग नरूला व एडिशनल सीईओ एम कुमार भी मौजूद थे।

Share This News :