Home > अपना शहर ,
वन सिटी – वन एप का लाभ अधिक से अधिक मिले: कलेक्टर

ग्वालियर । ग्वालियर स्मार्ट सिटी के तहत आमजनों को विभिन्न सुविधायें एक ही एप के माध्यम से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वन सिटी-वन एप बनाया गया है। इस एप के माध्यम से एक ही बटन से आम जनों को विभिन्न सुविधायें उपलब्ध हो रही हैं। वन सिटी वन एप का लाभ अधिक से अधिक शहरवासियों को मिले, इसके लिए विशेष प्रयास किए जाना चाहिए। अधिक से अधिक लोग वन सिटी-वन एप का उपयोग शुरू करें। इसके लिए अधिक से अधिक लोगों के मोबाइल पर यह एप डाउनलोड कराया जाए।
कलेक्टर राहुल जैन ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में स्मार्ट सिटी परियोजना की विस्तार से समीक्षा के दौरान यह निर्देश दिए हैं। बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष, सीईओ स्मार्ट सिटी महीप तेजस्वी सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर ने कहा कि वन सिटी – वन एप का लाभ अधिक से अधिक लोगों को मिले, इसके लिए हाईस्कूल और कॉलेजों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के मोबाइल पर यह एप डाउनलोड कराया जाए। इसके साथ ही इस एप का लाभ अधिक से अधिक लोग उठायें, इसके लिये इसका व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाए। कलेक्टर ने यह भी निर्देशित किया कि अन्य विभागों के अधिकारी भी आम जनों के लिए कोई विशेष सुविधायें इस एप से जोड़ना चाहें तो उसको भी जुड़वाने की कार्रवाई की जाए। कलेक्टर राहुल जैन ने बैठक में यह भी कहा कि इस एप से पुलिस विभाग में संचालित विभिन्न एप को भी संलग्न किया जाए। ताकि लोगों को और सुविधायें उपलब्ध हो सकें। कलेक्टर ने कहा कि इस एप में पब्लिक वॉल का ऑप्शन भी रखा जाए। जिस पर कोई भी आवश्यक सूचना या संदेश डालने पर शहरवासियों को तत्काल इसकी जानकारी उपलब्ध हो सके।
स्मार्ट सिटी के सीईओ महीप तेजस्वी ने वन सिटी – वन एप के संबंध में विस्तार से प्रजेण्टेशन के माध्यम से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस एप के माध्यम से शहरवासियों को विभिन्न सुविधायें उपलब्ध कराई गई हैं। इसके साथ ही महिला सुरक्षा के संबंध में भी एप में विशेष सुविधा उपलब्ध है। महीप तेजस्वी ने बताया कि इस एप को और प्रभावी और कारगर बनाने के उद्देश्य से अधिक से अधिक लोगों से जोड़ा जा रहा है। अन्य विभागों की आमजनों की योजनाओं के लिए उपलब्ध सेवाओं से भी इस एप को जोड़ा जा रहा है।

स्मार्ट सिटी के कमाण्ड सेंटर कार्यालय के लिए तत्परता से की जाए कार्रवाई
कलेक्टर राहुल जैन ने बैठक में स्मार्ट सिटी के कमाण्ड सेंटर की स्थापना के संबंध में कार्रवाई तेजी से करने के निदे्रश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मोतीमहल में स्थापित होने वाले स्मार्ट सिटी कमाण्ड सेंटर का कार्य तत्परता से किया जाए। संभागीय आयुक्त द्वारा उपलब्ध कराए गए भवन में जो अन्य विभाग स्थापित हैं, वो तत्काल अन्य उपलब्ध स्थानों पर अपना कार्यालय स्थानांतरित करें। उन्होंने महिला बाल विकास, शिक्षा, वेटनरी तथा कोषालय के अधिकारियों को निर्देशित किया कि उनके कार्यालय के लिए जो वैकल्पिक स्थान बताए गए हैं, वह अपने कार्यालयों को तत्परता से उन स्थानों पर स्थानांतरित करने की कार्रवाई करें।

Share This News :