Home > राज्यो से ,slider news,
सबसे छोटे कद की महिला IAS अफसर के काम हैं बड़े-बड़े, जानिए इनके बारे में...

सोशल मीडिया पर इनदिनों सबसे छोटे कद की आईएएस बताते हुए एक तस्वीर खूब वायरल हो रही है। तस्वीर के बारे में ज्यादा कुछ डिटेल नहीं हैं, बस इतना लिखा गया है कि ये अजमेर की जिला कलेक्टर हैं, जिनकी लंबाई महज 3 फीट 2 इंच है। तस्वीर को खूब शेयर किया जा रहा है। इस महिला अफसर के जज्बे को भी सराहा जा रहा है। मगर बहुत कम लोग इनके बारे में ज्यादा कुछ जानते होंगे। आइए जानते हैं इस तस्वीर की सच्चाई और इस छोटे कद की महिला अफसर के बारे में...

राजस्थान में हाल ही में 81 आईएएस अफसरों के ट्रांसफर हुए। इसमें सबसे ज्यादा चर्चा में आया महिला आईएएस अफसर आरती डोगरा का नाम। इसकी दो वजह थी। पहली वजह थी आरती डोगरा का कद महज 3 फीट 2 इंच होना। दूसरी वजह थी उनकी लोकप्रियता और काम करने का अलग अंदाज। आरती डोगरा को डिस्कॉम की मैनेजिंग डायरेक्टर से अजमेर के जिलाधिकारी की जिम्मादारी सौंपी गई।

उनके काम से पिछले विभाग के लोग इतने प्रभावित थे कि उन्होंने भावुक होकर सोशल मीडिया पर सराहना करते हुए संदेश शेयर किए। यहीं से आरती डोगरा की तस्वीर वायरल हुई। राजस्थान में कहा जाता है कि आरती डोगरा डिस्कॉम की मैनेजिंग डायरेक्टर और इससे पहले बीकानेर की जिलाधिकारी रहते हुए अपने काम का लोहा मनवा चुकी हैं। आरती डोगरा की ऊंचाई भले ही महज 3 फीट 2 इंच हो लेकिन उनके हौसले आसमान से ऊंचे हैं।

देहरादून में हुई आरती डोगरा की पढ़ाई 

साढ़े 3 फुट 2 इंच की आरती डोगरा देशभर की महिला आईएएस के प्रशासनिक वर्ग में मिसाल बनकर उभरी हैं। राजस्थान में अपनी मेधा का परचम लहरा रहीं आरती डोगरा देहरादून में पली बढ़ी हैं। देहरादून में जन्मी और ब्राइटलैंड स्कूल में पढ़ी आईएएस आरती डोगरा राजस्थान कैडर की 2006 बैच की अफसर हैं। आरती भले ही कद में छोटी हों, लेकिन काम उनके बड़े हैं। आरती डोगरा का परिवार देहरादून की विजय कॉलोनी में रहता है। पिता कर्नल राजेन्द्र डोगरा और मां कुमकुम की वह इकलौती बेटी हैं। उनकी मां देहरादून के एक प्राइवेट स्कूल में प्रधानाध्यापिका रही हैं। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी हैं मुरीद 

अपने प्रशासनिक निर्णयों से राजस्थान ही नहीं, बल्कि देशभर में महिलाओं के लिए मिसाल बनी हैं। राजस्थान के बीकानेर, जोधपुर और बूंदी जिलों में कलक्टर रहते हुए आरती ने समाज हित में बड़े फैसले और अपने मॉडल पेश किए तो देश के प्रधानमंत्री भी उनके काम से मुग्ध हो गए। समाज में बदलाव को लेकर उनके कई मॉडल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन को भी भाए हैं। जिस पर पीएम ने उनके कार्यों की प्रशंसा भी की है। 

आरती का माता-पिता ने दिया बहुत साथ 

आरती डोगरा के पिता आर्मी ऑफिसर और मां स्कूल टीचर थीं। उनकी पैदाइश के बाद ही लोगों ने शारीरिक बनावट को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए। लेकिन माता-पिता ने तय किया कि उनकी बेटी सामान्य स्कूल में अन्य बच्चों के साथ पढ़ाई करेगी। आरती अपने माता-पिता की एकलौती संतान हैं। एक इंटरव्यू में आरती बताती हैं, 'लोग मेरी मां से पूछते थे कि अब अगला बच्चा कब होगा। मेरे पैरेंट्स ने कहा कि एक बेटी ही काफी है। उन्होंने मेरा बहुत साथ दिया।'

उत्तराखंड की महिला अफसर बनी प्रेरणा 

उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के लेडी श्रीराम कॉलेज से इकोनॉमिक्स में ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद पोस्ट ग्रेजुएशन के लिए वो देरहरादून चली गई, जहां उनकी मुलाकात आईएएस मनीषा पंवार से हुई। यहां से उनकी सोच ने एक बड़ी करवट ली। आरती के आत्मविश्वास की बानगी ऐसी थी कि उन्होंने अपने पहले ही प्रयास में देश की सबसे बड़ी परीक्षा पास कर ली और IAS अधिकारी बन गईं।

बंको बिकाणो अभियान को खूब सराहा गया 

आरती डोगरा जब बीकानेर की जिलाधिकारी थी तो उन्होंने 'बंको बिकाणो' अभियान की शुरुआत की। इसमें लोगों को खुले में शौच ना करने के लिए प्रेरित किया गया। गांव-गांव पक्के शौचालय बनवाए गए, जिसकी मॉनीटरिंग मोबाइल सॉफ्टवेयर के जरिए की जाती थी। यह अभियान 195 ग्राम पंचायतों तक सफलता पूर्वक चलाया गया। बंको बिकाणो की सफलता के बाद आस-पास से जिलों ने भी इस पैटर्न को अपनाया। आरती डोगरा को राष्ट्रीय और राज्य स्तर के कई पुरस्कार मिल चुके हैं। बीकानेर में उन्होंने मिशन अगेंस्ट एनीमिया (MAA) की शुरुआत की। बीकानेर की डीएम रहते हुए आरती डोगरा ने कई अनाथ बच्चियों की सहायता की थी जो आज भी उनसे संपर्क में रहती हैं।

Share This News :