Homeराज्यो से ,slider news,
आम आदमी के लिए राहत! इस शनिवार-रविवार को खुलेंगे बैंक, मार्केट में कल से 500-2000 के नए नोट

नई दिल्ली : मोदी सरकार द्वारा 500 और 1000 के नोट को बंद किए जाने के बाद रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने बड़ा फैसला लेते हुए घोषणा की है कि बैंक इस शनिवार और रविवार को भी पब्लिक के लिए खुले रहेंगे. RBI ने एक आदेश जारी कर बताया है कि शनिवार 12 और रविवार 13 नवंबर को बैंक खुले रहेंगे. 500 और 2000 के नए नोट गुरुवार को मार्केट में आ जाएंगे.

मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 500 और 1000 के नोट बंद किए जाने के बाद आम जनता में हड़कंप मचा हुआ है. बुधवार को सभी बैंक और एटीएम बंद रहे. वहीं जनता को राहत देने के लिए सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने भी ऐलान किया कि 11 नवंबर तक किसी भी नेशनल हाईवे पर टोल टैक्स नहीं लगेगा. आईसीसीआई बैंक ने भी आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि शनिवार को बैंक में कामकाज होगा. साथ ही 10-11 नवंबर को सुबह आठ से शाम आठ बजे तक बैंक खुलेगा.

केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू ने कहा कि यह गरीबों के हित में फैसला है. यह भारत को कैशलेस अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में बड़ा कदम है. फैसले का विरोध करने पर नायडू ने कांग्रेस पर सवाल खड़े किए और कहा कि संशय क्यों पैदा किया जा रहा है? किंतु-परंतु क्यों? वहीं वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा कि ऊंचे मूल्य के नोटों को चलन से हटाने से मध्यावधि में कर वसूली बढ़ेगी. बैंकों की जमा में भी वृद्धि होगी. सभी पुराने नोट पाबंदी के 72 घंटे तक टोल प्लाजा, सरकारी व निजी दवाखानों, एलपीजी सिलेंडर खरीद, रेलवे खानपान तथा पुरातत्व संग्रहालयों की टिकट खरीद के लिए विधि मान्य रहेंगे. चलन से वापस लिए गये 500 और 1,000 रुपये के नोट के बदले बैंकों और डाकघरों में उपयुक्त मात्रा में करेंसी दो-तीन सप्ताह में उपलब्ध हो जाएगी.

Share This News :