Home > देश विदेश ,
भारत पहुंचे 38 भारतीयों के अवशेष, वीके सिंह बोले-सरकार ने कोई कसर नहीं छोड़ी

नई दिल्ली। इराक में 2014 मारे गए 38 भारतीयों के शवों के अवशेष भारत पहुंच चुके हैं। विदेश राज्य मंत्री वीके सिंह विशेष विमान से यह अवशेष बगदाद से अमृतसर लेकर पहुंच गए हैं। कुछ ही देर बाद यह अवशेष उनके परिजनों को सौंपे गए। इस दौरान इतने सालों बाद अपनों के शवों के अवशेष देख परिजन बिलख पड़े।

इससे पहले वीके सिंह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए वीके सिंह ने कहा कि सरकार ने इन लोगों का पता लगाने में कोई कसर नहीं छोड़ी, मैं 4 बार इराक गया और पूरी कोशिश की इन लोगों की तलाश की। हमने तलाश में उस व्यक्ति से संपर्क किया जिसके यहां यह लोग काम करते थे, उस व्यक्ति से मिले जिसने उन्हें खाना खिलाया। काफी कोशिशों के बाद बदूश की पहाड़ियों में इन लोगों के अवशेष मिले।

मृतकों परिजनों को आर्थिक मदद और नौकरी के सवाल पर वीके सिंह ने कहा कि यह फुटबॉल का खेल नहीं है, केंद्र और राज्य सरकारें संवेदनशील है। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने मृतकों के परिजनों से कहा था कि परिवार के सदस्य की जानकारी दें ताकि उनकी नौकरी को लेकर राज्य सरकारों से बात की जा सके।

वहीं इस मौके पर मौजूद पंजाब के मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने ऐलान किया कि राज्य सरकार सभी मृतकों के परिजनों में से एक सदस्य को सरकारी नौकरी और 5 लाख की मदद देगी।

इससे पहले बगदाद एयरपोर्ट पर इन अवशेषों को विमान में रखा गया और इस दौरान विदेश राज्य मंत्री वीके सिंह ने भी मदद की। कुछ देर बाद विमान भारत के लिए उड़ान भरेगा। इन 39 भारतीयों में पंजाब के 27, बिहार के छह, हिमाचल के चार और बंगाल के दो लोग शामिल हैं।

Share This News :