Home > राज्यो से ,slider news,
प्राइवेट बस से 4 करोड़ कैश बरामद

जयपुर एटीएस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नए नोटों की बड़ी खेप पकड़ी है. इस खेप में करीब चार करोड़ रुपये दिल्ली से अहमदाबाद प्राइवेट बस के जरिए ले जाया जा रहा था. इसकी सूचना मिलते ही एटीएस ने 2000 और 500 रुपये के नोटों की नगदी जब्त कर ली. आयकर विभाग के अधिकारी एक युवक से पूछताछ कर रहे हैं.

आतंकी संगठनों को फंडिंग करने के मामले में एटीएस ने पिछले साल दो बड़ी कार्रवाईयां की थी. इसी सिलसिले में एटीएस टीम को सूचना मिली थी कि कुछ लोग बड़ी रकम को अवैध तरीके से सप्लाई करने जा रहे हैं. इस सूचना के मिलते ही एटीएम के ADG उमेश मिश्रा के निर्देश पर SP विकास कुमार के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया.

इस टीम ने बुधवार देर रात को मनोहरपुरा टोल नाके के पास एक निजी बस में सवार बनवारी लाल की तलाशी ली. उसके पास मिले बैग में 2000 और 500 रुपये के नए नोटों की गड्डियां मिली. नए नोटों की यह कुल रकम चार करोड़ रुपये थी. 2000 रुपये के तीन करोड़ रुपये और 500 रुपये के एक करोड़ रुपये की नकदी जब्त की गई.

इतनी बड़ी मात्रा में नकदी लेकर ट्रेवल करने वाले भीलवाड़ा निवासी बनवारी लाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, तो उसने ये रकम दिल्ली के चांदनी चौक से भीलवाड़ा होते हुए गुजरात ले जाना बताया. एटीएस के आईजी बीजू जॉर्ज जोसफ ने बताया कि भीलवाड़ा निवासी दीपक समतानी और फजले रऊफ के लिए काम करता है.

फजले रऊफ भीलवाड़ा में कांग्रेसी पार्षद है, जबकि दीपक समतानी टूर एंड ट्रेवल्स की कंपनी चलाता है. इतनी बड़ी संख्या में नकदी की सप्लाई मामले पर एटीएस की टीम इसके नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है. आयकर विभाग और एटीएस की टीमें भीलवाड़ा स्थित फैजल के मकान पर भी तलाश कर रही हैं. इस घटना से सूबे में सनसनी फैल गई है.बताते चलें कि नकदी नोटों की सप्लाई बिल्कुल फिल्मी तरीके से होती थी. रकम को भेजने वाला रकम को सप्लाई करने वाले को एक कागज का टुकड़ा देता था. उसी कागज के टुकड़े की फोटो डिलीवरी लेने वाले के पास होती थी. सप्लायर तभी रकम देता था जब उसके पास उसी कागज के टुकड़े की फोटो उसे मोबाइल में व्हाट्सएप पर दिखाई जाती थी.

Share This News :