Homeअपना शहर ,खास खबरे,
मप्र श्रमजीवी पत्रकार संघ ने पत्रकार संदीप शर्मा की मौत को लेकर मुख्यमंत्री के नाम संभागीय आयुक्त को ज्ञापन सौंपा

ग्वालियर। मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ ने आज भिंड में पत्रकार संदीप शर्मा की सड़क दुर्घटना में संदिग्ध मौत को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नाम से संभागीय आयुक्त बीएम शर्मा को संघ के प्रांतीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं ग्वालियर चंबल संभाग के प्रभारी सुरेश शर्मा एवं प्रांतीय उपाध्यक्ष विनय अग्रवाल के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपा। इससे पहले संभागायुक्त को ज्ञापन पढकर सुनाया गया।
मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष शलभ भदौरिया के निर्देश पर आज प्रदेश भर में मप्र श्रमजीवी पत्रकार संघ ने उक्त घटना को लेकर जिला एवं संभागीय स्तर पर ज्ञापन सौंपे हैं। इस क्रम में ग्वालियर जिला इकाई ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपे ज्ञापन में कहा है कि भिंड के जुझारू पत्रकार संदीप शर्मा की एक भारी वाहन ने कुचलकर हत्या कर दी है। इस घटना से पत्रकारों में आक्रोश है और पत्रकार भिंड जिले में चल रहे रेत के अवैध उत्खनन के कारोबार का खुलासा करने वाले पत्रकार की इस तरह संदिग्ध मौत होना पत्रकार जगत के लिए चिंता का विषय है। मुख्यमंत्री ने घटना की सीबीआई जांच के आदेश कर दिये हैं। मप्र श्रमजीवी पत्रकार संघ अपेक्षा करता है कि मृतक परिवार के परिजनों को न्याय मिलेगा। साथ ही श्रमजीवी पत्रकार संघ मुख्यमंत्री से अनुरोध करता है कि मृतक पत्रकार संदीप शर्मा के परिजनों को एक करोड की आर्थिक सहायता प्रदान करने के साथ-साथ पत्नी अथवा परिवार के किसी अन्य सदस्य को शासकीय सेवा में अवसर प्रदान करें। संघ आपका इस कार्य के लिए आभारी रहेगा। इससे पहले पत्रकार मोतीमहल पर एकत्रित हुए और मप्र श्रमजीवी पत्रकार संघ के बैनर पर संभागीय आयुक्त बीएम शर्मा को ज्ञापन सौंपने एक रैली के रूप में पहुंचे। ज्ञापन सौपने वालों में सुरेश शर्मा , विनय अग्रवाल, जिलाध्यक्ष अजय मिश्रा, रविकांत दुवे, संजय तोमर, धर्मेन्द्र तोमर, रामकृष्ण कटारे, रवि शेखर, धीरज बंसल, दीपक दिलेर, प्रदीप गर्ग, मुकेश बाथम , नवीन परिहार, शैलेन्द्र शर्मा, विनोद शर्मा आदि पत्रकार मौजूद रहे।

Share This News :