Home > देश विदेश ,slider news,
काशी पहुंचे मोदी-मैक्रों, कुछ देर में करेंगे गंगा में नौका विहार

भारत यात्रा पर आए हुए फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर हैं. दोनों नेताओं के यहां पर कई कार्यक्रम हैं. मैक्रों यहां पर पीएम मोदी के साथ गंगा में नाव की सवारी भी कर सकते हैं. जिला प्रशासन के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र में 6 घंटे व्यतीत करेंगे.

दोनों नेता वाराणसी पहुंच गए हैं, यहां उन्होंने दीनदयाल उपाध्याय हस्तकला संकुल का दौरा किया. इस दौरान दोनों नेताओं के लिए कई तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहे थे. इसके बाद दोनों अस्सी घाट जाएंगे और दशाश्वमेध घाट तक नौकायन करेंगे. वाराणसी आने से पहले पीएम मोदी और फ्रांस की राष्ट्रपति मैक्रों ने मिर्जापुर में सौर ऊर्जा संयंत्र का उद्घाटन किया.

फ्रांस के राष्ट्रपति के सम्मान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर का भोज देंगे. मैक्रों यहां से सड़क मार्ग से बाबतपुर एयरपोर्ट चले जाएंगे और मोदी पुलिस लाइन जाएंगे. दोपहर में प्रधानमंत्री मंडुवाडीह रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे. वह यहां से पटना जाने वाली नई ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे.

सजकर तैयार है काशी

दोनों नेताओं के स्वागत में काशी सज कर तैयार है. प्रधानमंत्री और फ्रांस के राष्ट्रपति जिस रास्ते से होकर गुजरेंगे, उन रास्तों पर रंग-बिरंगे गुब्बारे और फूल सजाए गए हैं. वहीं अस्सी से लेकर दशाश्वमेध घाट के बीच पड़ने वाले सभी घाटों को सजाया गया है. बनारस वासियों की बात करें, तो उनको इस बात की उम्मीद है कि उनके सांसद और फ्रांस के राष्ट्रपति की दोस्ती और उनका वाराणसी दौरा बनारस के विकास को नया आयाम देगा.

बता दें कि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों चार दिन के दौरे पर भारत में हैं. मैक्रों शुक्रवार देर रात दिल्ली पहुंचे थे, जहां एयरपोर्ट जाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद उनका स्वागत किया था.

यह पहली बार नहीं है कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसी दूसरे देश के राष्ट्राध्यक्ष को वाराणसी ले जाएंगे. इससे पहले जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे को भी वाराणसी ले गए थे, दोनों नेताओं ने वहां गंगा आरती में भी हिस्सा लिया था.

Share This News :