Home > देश विदेश ,
डॉक्टर निलंबित

झांसी। à¤¦à¥à¤°à¥à¤˜à¤Ÿà¤¨à¤¾ में घायल हुए युवक का कटा हुआ पैर उसी के सिर के पास तकिए की तरह रखने के मामले में ड्यूटी पर मौजूद कई डॉक्टरों को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई चिकित्सा शिक्षा मंत्री आशुतोष टंडन के निर्देश पर प्राचार्य डॉ. साधना कौशिक ने की है।

आरोपितों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के आदेश भी दिए गए हैं। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. नरेंद्र सिंह सेंगर की अध्यक्षता में चार सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया गया है, जो पूरे मामले की जांच कर दो दिनों में रिपोर्ट देगी। यह मामला ठंडा भी नहीं हुआ था कि डाक्टरों की लापरवाही का एक और मामला सामने आया है। मेडिकल इमरजेंसी में शराब व बीयर की बोतलें पड़ीं मिलीं। बीती रात ही यहां स्ट्रेचर न मिलने पर तीमारदार अपने मरीज को गोद में उठाकर बाहर लाए।

थाना लहचूरा क्षेत्र में एक स्कूल बस उस समय पलट गई थी, जब बस के चालक ने सामने से आ रहे ट्रैक्टर को बचाने का प्रयास किया था। इस घटना के बाद बस का चालक तो वहां से भाग गया था, मगर बस पलटने से आधा दर्जन स्कूली बच्चे और बस का क्लीनर लहचूरा थाना क्षेत्र के ग्राम इटायल निवासी घनश्याम (25) पुत्र देवकी बुरी तरह घायल हो गया था। इस हादसे में उसका बांया पैर कटकर शरीर से अलग हो गया था।

उसे गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज लाया गया। यहां काफी जद्दोजहद के बाद डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया। उसे पलंग के बजाय काफी देर तक स्ट्रेचर पर लिटाए रखा। असंवेदनशीलता की हद तो तब हो गई, जब उसे तकिया देने के बजाय घनश्याम के सिर के नीचे उसी का कटा हुआ पैर लगा दिया।

स्वास्थ्य मंत्री आशुतोष टंडन और स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव ने सक्रियता दिखाते हुए पीड़ित को न्याय दिलाने और इस अमानवीय कृत्य के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने के हरसंभव निर्देश दिए। पूरे प्रकरण में मंत्री व प्रमुख सचिव के हस्तक्षेप के बाद प्राचार्य डॉ. साधना कौशिक ने घटना के समय ड्यूटी पर मौजूद सीनियर रेजीडेंट आर्थोपेडिक्स डॉ. आलोक अग्रवाल, ईएमओ डॉ. महेन्द्र पाल सिंह, सिस्टर इंचार्ज दीपा नारंग, शशि श्रीवास्तव को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश दिए हैं।

असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. प्रवीण सरावगी को भी निलंबित कर दिया गया है। इस मामले में पूर्व प्राचार्य डॉ. नरेंद्र सिंह सेंगर की अध्यक्षता में एक जांच कमेटी गठित कर दी। इस कमेटी में सर्जरी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. राजीव सिन्हा, प्लास्टिक विभाग के डॉ.सुधीर कुमार, आर्थोपेडिक्स विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. सौरभ अग्रवाल एवं न्यूरो सर्जन डॉ. दिनेश कुमार को शामिल किया गया है। इस कमेटी को शासन ने दो दिनों में जांच पूरी कर अपनी रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं।

जांच कमेटी के अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र सिंह सेंगर ने बताया कि जिस स्थान पर पीड़ित घनश्याम को स्ट्रेचर पर लिटाया गया, वह सीसीटीवी फुटेज की रेंज में नहीं है। इसलिए जांच में तथ्यात्मक रूप से कोई सबूत नहीं मिल पाया। गवाहों और मौके पर मौजूद सभी लोगों से बातचीत कर इस जांच को पूरा किया जाएगा।

उन्होंने संभावना जताई कि पीड़ित के परिजनों ने ही जरूरत पड़ने पर उसके सिरहाने तकिया की जगह घायल का पैर लगा दिया हो। इस विषय पर भी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पीड़ित चिरंजीव अस्पताल में भर्ती है। नरेंद्र सेंगर ने कहा कि जांच के बाद सच्चाई सामने आ जाएगी और जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।

मेडिकल कॉलेज में मिलीं शराब व बीयर की बोतलें

मेडिकल कॉलेज परिसर में पड़ी शराब व बीयर की बोतलों ने डाक्टरों की अपने काम के प्रति गंभीरता की पोल खोल कर रख दी है। जब इस बारे में मेडिकल कॉलेज प्रशासन से बात की गई तो वह इससे पूरी तरह मुकरते हुए नजर आए। मेडिकल कालेज के इमरजेंसी विभाग से तीन-चार लोग अपनी महिला मरीज को स्ट्रेचर न होने के कारण गोद में उठाकर अंदर से बाहर लाते नजर आए। जब उनसे जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि उनके मरीज का बेहतर इलाज नहीं हो रहा था। इस कारण वह उसे प्राइवेट अस्पताल में ले जा रहे हैं। स्ट्रेचर न मिलने के कारण वे अपने मरीज को गोद में उठाकर लाए हैं।

Share This News :