Home > देश विदेश ,slider news,
JK : बड़गाम में आतंकी हमला, पुलिसकर्मी शहीद

श्रीनगर। आतंकियों ने रविवार को प्रसिद्घ सूफी संत नूरुद्दीन नूरानी की चरार-ए-शरीफ (बड़गाम) स्थित जियारतगाह में तैनात पुलिसकर्मी की गोली मार हत्या कर दी। आतंकी शहीद पुलिसकर्मी की राइफल भी अपने साथ ले गए। खून से लथपथ पुलिसकर्मी को उठाने वहां तैनात अन्य पुलिसकर्मी भी आगे नहीं आए। आतंकियों के भागने के बाद स्थानीय युवकों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह घटना दोपहर करीब एक बजे हुई।

जियारतगाह की सुरक्षा के लिए तैनात पुलिसकर्मियों में शामिल कुलतार सिंह निवासी सांबा (जम्मू) संतरी पोस्ट पर ड्यूटी दे रहा था। अचानक श्रद्घालुओं के भेष में दो युवक आए। उन्होंने कुलतार पर नजदीक से गोलियां चलाईं। वह जख्मी होकर जमीन पर गिर पड़ा। आतंकी उसकी एसएलआर राइफल लेकर फरार हो गए। गोलियों की आवाज से पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। वहां मौजूद लोग जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की तरफ भागे। कुछ युवक घायल पुलिसकर्मी के पास पहुंचे। खून से लथपथ पड़े कुलतार सिंह ने उन्हें बताया कि दो युवक आए थे जिन्होंने उसे गोली मारी है। इसके बाद वह अचेत होकर गिर पड़ा। स्थानीय युवकों ने उसे उठा निकटवर्ती अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद सैन्य अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ गया। एसएसपी बड़गाम तेजेंद्र सिंह ने बताया कि हमलावर आतंकियों को पकड़ने के लिए पूरे इलाके में घेराबंदी कर ली गई है। आतंकियों के सभी संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

गौरतलब है कि संत नूरुद्दीन नूरानी को आलमदार-ए-कश्मीर भी कहा जाता है। उन्हें नुंद ऋषि के नाम से पुकारा जाता है। उनकी 700 साल पुरानी जियारतगाह जो श्रीनगर से लगभग 30 किलोमीटर दूर जिला बड़गाम के चरार-ए-शरीफ कस्बे में स्थित है, में हर साल देश-विदेश से हजारों की तादाद में मुस्लिम श्रद्घालु आते हैं। 1995 में पाकिस्तानी आतंकी मस्तगुल ने जियारतगाह को आग लगा दी थी और पाकिस्तान भाग निकला था।

Share This News :