Home > राज्यो से ,slider news,
श्रीदेवी के निधन पर PM मोदी ने जताया दुख, राष्ट्रपति ने लिखा- स्तब्ध हूं

बॉलीवुड में अपनी सफल दूसरी पारी खेल रहीं जानी-मानी एक्ट्रेस श्रीदेवी के निधन पर देश भर से उनके परिवार के लिए संवेदनाएं जाहिर की जा रही हैं. बॉलीवुड अभिनेता, राजनेता, क्रिकेटर और अन्य क्षेत्रों की दिग्गज हस्तियों ने उनकी मौत पर शोक जाहिर किया है. श्रीदेवी एक शादी में हिस्सा लेने के लिए दुबई गई थीं. उनकी उम्र 54 साल थीं. वहां हार्ट अटैक आने से उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और मौत हो गई.

शनिवार रात और रविवार सुबह को जैसे ही लोगों को श्रीदेवी की इस दुखद असमय मौत के बारे में पता चला, उन्होंने ट्विटर पर उन्हें श्रद्धांजलि देनी शुरू कर दीं.

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्वीट कर लिखा, 'फिल्म स्टार श्रीदेवी की मौत से दुखी हूं. वह लाखों फैंस का दिल तोड़ कर गई हैं. उनकी लम्हे और इंग्लिश विंग्लिश जैसी फिल्में दूसरे कलाकारों के लिए प्रेरणा हैं. उनके परिजनों और करीबी लोगों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं.'

प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से भी श्रीदेवी के निधन पर शोक जाहिर किया गया. पीएम नरेंद्र मोदी की ओर से किए गए इस ट्वीट में लिखा, 'प्रसिद्ध अभिनेत्री श्रीदेवी के असमय और अचानक निधन से दुखी हूं. लंबे करियर में उन्होंने अलग-अलग तरह के यादगार रोल निभाए. मैं इस दुख की घड़ी में उनके परिवार के साथ हूं. उनकी आत्मा को शांति मिले.'

 

Share This News :