Homeअपना शहर ,खास खबरे,
केन्द्रीय मंत्री तोमर एवं संस्कृति मंत्री शर्मा करेंगे राष्ट्रीय संस्कृति महोत्सव का शुभारंभ

भारत की विविध सांस्कृतिक विरासत को संजोए इस महोत्सव का उदघाटन इस दिन सायंकाल 6 बजे मानमंदिर परिसर में केन्द्रीय पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर तथा केन्द्रीय संस्कृति राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) व पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री डॉ. महेश शर्मा, प्रदेश की नगरीय विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह, उच्च शिक्षा एवं लोक सेवा प्रबंधन मंत्री जयभान सिंह पवैया, वन एवं नवीनीकरण ऊर्जा मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, महापौर ग्वालियर विवेक नारायण शेजवलकर के आतिथ्य में होगा। “राष्ट्रीय संस्कृति महोत्सव’ का प्रमुख आकर्षण “ध्रुव पद से ध्रुपद’’ कार्यक्रम होगा । यह कार्यक्रम खासतौर पर ध्रुपद की गुरू-शिष्य परम्परा पर केन्द्रित होगा । इस दो दिवसीय आयोजन में देश के सुविख्यात ध्रुपद गायक-वादक अपनी प्रस्तुतियां देंगे । महोत्सव के पहले दिन सांयकाल 6 बजे किले पर मानमंदिर के समीप ध्रुपद संगीत की महफिल सजेगी । सभा की शुरूआत ध्रुपद केन्द्र ग्वालियर के विद्यार्थियों की प्रस्तुति से होगी । इसके बाद अभिजीत सुखदाणे डागरवाणी में ध्रुपद गायन प्रस्तुत करेंगे । इनके साथ पखावज पर संजय आगले संगत करेंगे । इस सभा का समापन दरभंगा घराने के सुप्रसिद्ध ध्रुपद गायक मलिक बंधुओं के ध्रुपद गायन से होगा ।
राष्ट्रीय संस्कृति महोत्सव के दूसरे दिन की सांध्यबेला में 6 बजे ध्रुपद केन्द्र ग्वालियर की ध्रुपद प्रस्तुति के साथ सभा की शुरूआत होगी । इस सभा में गौहरवाणी परम्परा के देश के उभरते हुये युवा गायक सुमित आनंद की प्रस्तुति होगी । इसके पश्चात यखलेश बघेल और अनुज प्रताप सिंह की ध्रुपद जुगल बंदी होगी । सभा का समापन उस्ताद बहाउद्दीन डागर के रूद्रवीणा वादन से होगा । इस आयोजन में प्रात: काल 10 बजे से रात्रि 9 बजे तक नागालैंड , मणिपुर और अन्य पूर्वोत्तर राज्यों के लोक संगीत व नृत्य का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है । साथ ही हैंडलूम और हैंडीक्राफ्ट उत्सव आयोजित करने के प्रयास भी हो रहे हैं । जिसमें नागालैंड एवं मणिपुल का क्राफ्ट खासतौर पर प्रदर्शित होगा । ऑर्कोलॉजिकल सर्वे आफ इंडिया द्वारा हैरिटेज संरक्षण पर प्रदर्शनी भी प्रस्तावित है । इसके अलावा फूड फेस्टीवल आयोजित करने के प्रयास भी हो रहे हैं ।

नि:शुल्क उपलब्ध रहेगी बस सेवा
कलेक्टर राहुल जैन ने बताया कि कार्यक्रम के लिये बारादरी, हजीरा व महाराज बाड़े से नि:शुल्क बस उपलब्ध कराई जायेगी। यह बस सायं 4 बजे लोगों को लेकर कार्यक्रम स्थल पर आयेगी। कार्यक्रम समाप्ति के पश्चात यह बस दर्शकों को उसी स्थान पर छोड़ेगी। इसके साथ ही किले पर पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था की गई है। शहरवासियों से इस कार्यक्रम का आनंद उठाने का आग्रह किया गया है।

किले पर फूड जोन का आनंद भी लें सकेंगे लोग
कलेक्टर राहुल जैन ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान किले पर आकर्षक फूड जोन स्थापित किया जा रहा है। इस फूड जोन का लोग आनंद ले सकेंगे। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ स्वादिष्ट व्यंजनों का स्वाद भी लोगों के लिये उपलब्ध रहेगा।

Share This News :