Homeअपना शहर ,खास खबरे,
पर्यावरण बचाने कंडो से जलाएं होली: निगमायुक्त

ग्वालियर । होली एकता और भाईचारे का त्यौहार है, शहरवासी होली के अवसर पर पर्यावरण को नुकसान न पंहुचाएं तथा केवल गोबर के कंडे की ही होली जलाएं तथा सूखे जैविक रंगों से ही होली खेलें और पानी का अपव्यय न करें। यह आग्रह नगर निगम आयुक्त विनोद शर्मा ने शुक्रवार को होली के त्यौहार को लेकर शहर के समाजसेवियों से चर्चा करते हुए किया। बैठक में पवन दीक्षित सहित सफारा बाजार, नयाबाजार, मुरार सहित विभिन्न प्रमुख बाजार एशोसिएशन के पदाधिकारी एवं अन्य समाजसेवी उपस्थित थे।
बालभवन में आयोजित बैठक में निगमायुक्त विनोद शर्मा ने सभी समाजसेवियों से चर्चा करते हुए कहा कि शहर में जितने भी स्थान पर होलिका दहन हो वह केवल कंडो से ही हो, इसमें पेड अथवा लकडियों का उपयोग न करें। होलिका के नीचे मिटटी रखें जिससे सडक खराब न हो तथा होलिका के उपर विद्युत आदि के तार न हों एवं होलिका यातायात में बाधक न हों। वहीं होलिका दहन के लिए नागरिक चाहें तो नगर निगम की गौशाला से कंडे खरीद सकते हैं, इसके लिए वरिष्ठ नागरिक सेवा संस्था शहर में 3 प्रमुख स्थानों इंदरगंज चैराहा, किलागेट चैराहा एवं बारादरी चैराहा मुरार में शनिवार से दोपहर 3 बजे से सांय 6 बजे तक काउंटर लगाएगा, जहां नागरिक कंडो की बुकिंग कर सकते हैं। इसके साथ ही निगमायुक्त ने कहा कि शहर में पानी के संकट को दृष्टिगत रखते हुए होली के अवसर पर पर पानी का अपव्यय न हो इसलिए सभी शहरवासी सूखी होली खेलें तथा जैविक रंगो का उपयोग ही करें जिससे कैमिकल रंगों से होने वाले नुकसान से भी बचा जा सके। निगमायुक्त ने कहा कि शहरवासी इस बात का भी ध्यान रखें कि शहर में स्वच्छता अभियान चल रहा है, इसलिए शहर को गंदा एवं बदरंग न करें।
निगमायुक्त शर्मा ने सभी से आग्रह किया कि सोशल मीडिया पर भी इस प्रकार का माहौल बनाएं कि लोग जागरुक हों और कंडो की होली जलाएं तथा सूखे जैविक रंगो से होली खेलकर त्यौहार हर्षोल्लास से मनाएं। बैठक में कृष्णपाल सिंह, कन्हैया लाल सोनी, मुकेश अग्रवाल, कैलाश सोनी,एपीएस जादौन, रमेश कुशवाह, श्रीमती ममता सिंह, श्रीमती रेनू जैन, मोहन सिंह चैहान, प्रयास चैहान सहित बडी संख्या में समाजसेवी उपस्थित थे।

Share This News :