Homeअपना शहर ,खास खबरे,
किसानों को योजनाओं का लाभ समय पर मिले यह सुनिश्चित करें : कलेक्टर

ग्वालियर । कलेक्टर राहुल जैन ने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि भारत सरकार और मध्यप्रदेश सरकार द्वारा किसानों के हितार्थ चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। दोषी अधिकारियों के विरूद्ध दण्डात्मक कार्रवाई की जायेगी। किसानों की आय को दोगुना करने के लिये सरकार द्वारा किसानों के हित में अनेक कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों और योजनाओं का लाभ किसानों को समय पर मिले, यह अधिकारी सुनिश्चित करें।
कलेक्टर राहुल जैन ने सोमवार को कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान उक्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को स्वाईल हैल्थ कार्ड का वितरण लक्ष्य अनुरूप किया जाए। जिले के डबरा एवं भितरवार कृषि मंडी में मिनी लेबोरेटरी की स्थापना सात दिन में की जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को स्वाईल हैल्थ कार्ड वितरण कराने का कार्य निजी संस्थाओं के माध्यम से भी कराया जाए। इसके साथ ही पोर्टल के माध्यम से ही किसानों को स्वाईल हैल्थ कार्ड उपलब्ध हो, यह सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने घाटीगाँव विकासखण्ड में स्वाईल हैल्थ कार्ड के लिये नमूने लेने और कार्ड वितरण के कार्य में उदासीनता पाए जाने पर एसएडीओ को कारण बाताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर राहुल जैन ने कहा कि जिले में 65 हजार किसानों को स्वाईल हैल्थ कार्ड का वितरण किया जाना है। अब तक 32 हजार किसानों को ही कार्ड का वितरण किया गया है। लक्ष्य अनुरूप 65 हजार किसानों को 31 मार्च से पूर्व कार्ड का वितरण हो, यह विभाग सुनिश्चित करे। लक्ष्य की पूर्ति न होने पर संबंधित अधिकारियों के विरूद्ध दण्डात्मक कार्रवाई की जायेगी।
बैठक में बायोगैस संयंत्र स्थापना की भी समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक विकासखण्ड में 25 – 25 बायोगैस संयंत्र की स्थापना का कार्य किया जाना है। सभी अधिकारी लक्ष्य अनुरूप अपने-अपने क्षेत्र में बायोगैस संयंत्र की स्थापना का कार्य करें। इसके साथ ही किसानों को शासन की योजनाओं का लाभ निर्धारित लक्ष्य अनुरूप हो, यह सुनिश्चित किया जाए। बैठक में उप संचालक मंडी डॉ. आनंद बड़ोनिया, जिला प्रबंधक एमपी एग्रो मनोज भार्गव, सहायक भूमि संरक्षण अधिकारी जे एस तोमर एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Share This News :