Home > देश विदेश ,
यात्री विमान गिरा, सभी 66 सवार मारे गए

तेहरान। ईरान में घरेलू उड़ान पर निकला एक यात्री विमान रविवार को जागरस पर्वतीय इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दुर्घटना में विमान में सवार सभी 66 लोग मारे गए हैं। द असेमान एयरलाइंस का यह विमान तेहरान के मेहराबाद एयरपोर्ट से यासुज शहर के लिए रवाना हुआ था, मार्ग में ही यह दुर्घटना हुई। दुर्घटना के समय विमान जागरस पर्वतीय श्रृंखला के देना पर्वत के ऊपर था और उतरने की तैयारी में था।

यह स्थान यासुज से 23 किलोमीटर पहले है। विमान कंपनी के निदेशक मुहम्मद ताबाताबाई ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही इलाके में तलाशी अभियान छेड़ दिया गया। लेकिन कोई भी जिंदा शख्स तलाशी दल को नहीं मिला। विमान में 60 यात्री सवार थे जिनमें एक बच्चा भी था। इनके अतिरिक्त चालक दल के छह सदस्य थे। इलाके में मौसम काफी खराब हो गया है। इसके चलते वहां राष्ट्रीय आपदा राहत दल के हेलीकॉप्टर बहुत मुश्किल से पहुंच पा रहे हैं। फिलहाल वहां पर 12 दल पहुंचकर कार्य कर रहे हैं। राष्ट्रीय आपदा राहत सेवाओं के प्रवक्ता मोज्तबा खालेदी ने बताया है कि पर्वतीय इलाके में फिलहाल एंबुलेंस भेजना संभव नहीं है।

दशकों से अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंध झेल रहे ईरान के पास यात्री विमानों के पुराना बेड़ा ही है। इन विमानों में आधुनिकीकरण का काम भी नहीं हो पाया है। इसलिए इनके दुर्घटनाग्र्रस्त होने का खतरा बना रहता है। बताया गया है कि दुर्घटनाग्र्रस्त विमान 20 साल से ज्यादा पुराना था। यह दो इंजन वाला टर्बोप्रोप एटीआर-72 विमान था। 2014 में हुई एक यात्री विमान की दुर्घटना में 39 लोग मारे गए थे। 2015 में परमाणु समझौते से प्रतिबंध हटने के बाद ईरान की विमान कंपनियों और सरकार ने बड़ी संख्या में नए विमान और हेलीकॉप्टर खरीदने के सौदे किए। ईरान की सरकारी विमान कंपनी एयर ईरान ने ही 80 बोइंग विमान और 100 एयरबस विमान खरीद के सौदे किए हैं।

Share This News :