Homeअपना शहर ,खास खबरे,
राज्यपाल ने किया स्कूल व आंगनबाड़ी केन्द्र का निरीक्षण

ग्वालियर । मैं आप सबसे निवेदन करने आई हूँ कि अपनी बेटियों को आठवीं कक्षा के बाद घर न बिठाएँ, उनका दाखिला अगली कक्षा में जरूर कराएँ। बेटियाँ पढ़ाई में बेटों से बिल्कुल भी कमतर नहीं हैं। यह आग्रह मध्यप्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने ग्राम अडूपुरा के निवासियों से किया। उन्होंने कहा गाँव की माध्यमिक शाला में आठवीं में पढ़ रहीं सभी बेटियों का प्रवेश नौवीं कक्षा में जरूर करायें। बेटियाँ पढ़-लिखकर गाँव, समाज व देश का नाम रोशन करेंगीं।
राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन सोमवार को ग्वालियर जिले के ग्राम अड़ूपुरा की शासकीय प्राथमिक व माध्यमिक शाला तथा आंगनबाड़ी केन्द्र का निरीक्षण करने पहुँचीं थीं। इस दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी केन्द्र की किशोरी बालिकाओं से पढ़ाई के बारे में चर्चा की। तब उन्हें पता चला कि आगे पढ़ाई की इच्छा होने के बाबजूद उनके अभिभावकों ने दूसरे गाँव में स्थित हाईस्कूल में दाखिला नहीं कराया है। स्कूलों व आंगनबाड़ी केन्द्रों का निरीक्षण करने के बाद राज्यपाल विद्यालय परिसर में बड़ी संख्या में जमा ग्रामीणजनों से चर्चा करने पहुँच गईं।
ग्रामीणों को बालिका शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि सरकार द्वारा दूसरे गाँव में पढ़ने जाने वाली बालिकाओं को नि:शुल्क साइकिल दी जाती है। साथ ही पाठ्यपुस्तकें व छात्रवृत्ति इत्यादि की सुविधा भी सरकार दे रही है। इस सबके बाबजूद यदि बेटियाँ पढ़ने से वंचित रह जाएँ तो यह समाज पर कलंक है। श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने स्वयं का उदाहरण देते हुए कहा कि मैं 15 किलोमीटर दूर स्थित हाईस्कूल में अपने पिता की मदद से प्रतिदिन पढ़ने जाती थी। आपके गाँव से तो मात्र तीन किलोमीटर की दूरी पर ग्राम रौरा में शासकीय हाईस्कूल संचालित है। जहाँ गाँव की सभी बालिकायें एक साथ साइकिल से पढ़ने जा सकती हैं। जरूरत होने पर गाँव के लोग भी बारी-बारी से बालिकाओं को स्कूल तक छोड़ने और लेने जा सकते हैं।
राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन ने अडूपुरा के शासकीय प्राथमिक शाला व माध्यमिक शाला की विभिन्न कक्षाओं में जाकर बच्चों से पढ़ाई के बारे में बात की। साथ ही शिक्षकों से भी पढ़ाई को लेकर चर्चा की। उन्होंने प्राथमिक शाला के बच्चों को टॉफियाँ भी बाँटीं। कलेक्टर राहुल जैन ने राज्यपाल को आश्वस्त किया कि आठवीं में पढ़ रहीं गाँव की सभी बेटियों को अगले शिक्षण सत्र में नौवीं कक्षा में जरूर प्रवेश दिलाया जायेगा। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष, संयुक्त संचालक महिला-बाल विकास एच के शर्मा एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला-बाल विकास राजीव सिंह व जिला शिक्षा अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उनके साथ थे।

Share This News :