Home > देश विदेश ,slider news,
बजट के बाद इस योजना की हो रही है सबसे ज्यादा चर्चा, जानें क्या होगा फायदा?

नई दिल्ली: बजट के बाद भी 10 करोड़ गरीब परिवारों के लिए स्वास्थ्य बीमा योजना की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है. अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने 2010 में करीब ढाई करोड़ अमेरिकी परिवारों के लिए स्वास्थ्य बीमा योजना शुरू की थी.


इसी तर्ज पर मोदी सरकार ने आयुष्मान योजना का एलान किया है. दावा है कि इसका फायदा 10 करोड़ परिवारों यानी देश की करीब 40 फीसदी आबादी को मिलने वाला है। विपक्ष आरोप लगा रहा है कि सरकार ने घोषणा तो कर दी पर ये नहीं बताया कि इसके लिए पैसा कहां से आएगा?


नीति आयोग के सदस्य डॉ वी के पॉल का दावा है कि आयुष्मान बीमा योजना की तैयारी पहले से ही शुरू हो चुकी है. डॉ पाल के मुताबिक योजना का लाभ पाने वाले 10 करोड़ परिवारों का चुनाव 2011 की जनगणना के आधार पर किया जाएगा. आधार नंबर की मदद से ऐसे परिवारों की लिस्ट तैयार की जाएगी.


डॉ. पॉल बताते हैं कि लिस्ट तैयार होने के बाद बीमा का फायदा लेने के लिए किसी और कार्ड की जरूरत नहीं होगी, आधार से ही सारा काम होगा. इलाज की जरूरत पड़ने पर 5 लाख तक का भुगतान सीधे अस्पताल को किया जाएगा.


फिलहाल 2000 करोड़ रुपए के शुरूआती बजट के अलावा शिक्षा और स्वास्थ्य के 1 फीसदी बढ़े हुए सेस से आने वाले पैसे को भी इसी योजना में लगाया जाएगा. अनुमान के मुताबिक इस 1 फीसदी सेस से सरकार को करीब 11000 करोड़ रुपए मिलेंगे.


यहां बड़ी बात ये है कि इस योजना को शुरू होने में अभी फिलहाल 7 से 9 महीने तक लग सकते हैं. साफ है कि बजट में एलान के बाद सरकार अब इस योजना को चुनाव से ठीक पहले शुरू करके इसका राजनीतिक फायदा उठाने की तैयारी कर रही है.

Share This News :