Home > देश विदेश ,slider news,
अमेरिका में शटडाउन खत्म, काम पर लौटे कर्मचारी

वाशिंगटन। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समझौतावादी रवैये के चलते अमेरिका में शटडाउन खत्म हो गया है। इसके साथ ही अनचाही छुट्टी का लुत्फ उठा रहे कर्मचारी भी अपने काम पर लौट आए। अमेरिकी संसद से फंडिंग बिल को मंजूरी मिल गई है। रिपब्लिकन पार्टी की अवैध अप्रवासियों के भविष्य को लेकर बहस करवाए जाने की मांग डेमोक्रेटिक पार्टी ने स्वीकार कर ली है।

अस्थाई फंडिंग बिल संसद में हुआ पास-

अक्टूबर के बाद से चौथा अस्थायी फंडिंग बिल संसद के दोनों सदन सीनेट और हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव से आसानी से पारित हो गया। सीनेट में इसे 18 के मुकाबले 81 मतों से और हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव में 150 के मुकाबले 266 मतों से मंजूरी दी गई। इसके बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस पर हस्ताक्षर किए।

ट्रंप की मंजूरी के साथ कामकाज हुआ शुरू-

ट्रंप की मंजूरी के बाद मंगलवार को सरकार का कामकाज पूरी तरह फिर शुरू हो गया। ट्रंप ने प्रतिक्रिया में कहा, "खुशी है कि संसद में डेमोक्रेट को समझ आ गई। देश के लिए अगर अच्छा होगा तो हम इमीग्रेशन पर लंबी अवधि का समझौता करेंगे।"

अब निगाहें आठ फरवरी पर-

अब निगाहें आठ फरवरी पर है जब रिपब्लिकन नेतृत्व वाली अमेरिकी संसद में बजट और इमीग्रेशन नीति सामने होंगे। ये दो भिन्न मुद्दे एक साथ जुड़ गए हैं। ये इसलिए जुड़े क्योंकि एक अक्टूबर 2017 को संसद से पूर्ण बजट पारित नहीं हो सका।

इससे एक सप्ताह पहले ट्रंप ने ओबामा कार्यकाल में ड्रीमर्स को मिला संरक्षण मार्च तक खत्म करने का आदेश दिया था। डेमाक्रेट इस फैसले का विरोध कर रहे हैं। इसी के तहत उन्होंने गत शुक्रवार को अमेरिकी संसद के उच्च सदन सीनेट से फंडिंग बिल पारित नहीं होने दिया था।

Share This News :