Home > देश विदेश ,
असंतुष्टों को साधने के लिए चुनाव से काफी पहले टिकट बांटेगी कांग्रेस

असंतुष्टों को साधने के लिए इस बार कांग्रेस चुनाव से काफी पहले टिकट बांटेगी। पिछले चुनावों में नामांकन भरने से एक या दो दिन पहले टिकट बांटने के कारण खुलकर असंतोष और गुटबाजी सामने आती है, जिसे संभालना पार्टी और प्रत्याशी के लिए मुश्किल हो जाता है।

पार्टी को पिछले तीन चुनावों में इसका दुष्परिणाम भुगतना पड़ा है। अबकी टिकट वितरण इतना पहले करने की तैयारी है कि असंतुष्टों को मनाने और प्रत्याशी को प्रचार के लिए पर्याप्त समय मिल जाए।

प्रदेश में इस बार सरकार बनाने की कोशिश में कांग्रेस कोई भी चूक नहीं चाहती है। ठोस रणनीति के साथ साइलेंट काम हो रहा है। पार्टी के लिए सबसे बड़ी चुनौती होती है, प्रत्याशी चयन और टिकट वितरण। पिछले चुनावों में कई सीटों में यह भी हुआ है कि नामांकन के अंतिम दिन प्रत्याशी को टिकट दिया गया।

इससे पार्टी के भीतर राजनीतिक माहौल गड़बड़ा जाता है। ऐसा न हो, इसके लिए लगातार मंथन चल रहा है। कांग्रेस दो रणनीति पर काम करेगी। पहली, कमजोर परफॉर्मेंस वाले जिन विधायकों को इस बार चुनाव नहीं लड़ाया जाएगा, यह टिकट वितरण से पहले तय कर लिया जाएगा।

उन्हें निगम-मंडल में पद देने की बात कहकर संतुष्ट करने की कोशिश होगी। टिकट वितरण के बाद दूसरे दावेदारों को साधने के लिए चुनाव समिति के लोग बात करेंगे। उन्हें समझाया जाएगा कि इस बार प्रदेश में भाजपा सरकार के खिलाफ माहौल है।

इसका फायदा कांग्रेस अभी नहीं उठा पाई तो सरकार बनाना मुश्किल हो जाएगा। पार्टी के प्रदेश प्रभारी ने संकेत दिया है कि एक-सवा माह पहले प्रत्याशियों की सूची जारी हो सकती है, लेकिन पार्टी के बड़े नेताओं ने संभावना जताई है कि दो-तीन माह पहले भी प्रत्याशी तय हो सकते हैं।

प्रत्याशी चयन के लिए प्रदेश प्रभारी और पीसीसी अध्यक्ष व चुनाव समिति के अध्यक्ष भूपेश बघेल खुद प्रदेश का दौरा और पदयात्रा कर रहे हैं। प्रदेश प्रभारी का कहना है कि उनका दौरा ही प्रत्याशी चयन के लिए सर्वे है। पार्टी नेताओं का कहनास है कि यह माना जा रहा है कि इस बार बड़े नेताओं की पसंद की बजाए, ऐसे नेता को प्रत्याशी बनाया जाएगा, जो जीत की संभावना को प्रबल करेगा।

Share This News :