Home > देश विदेश ,
ट्रंप ने जो रोकी PAK को 1600 करोड़ रुपये की सैन्य मदद

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के धमकी भरे ट्वीट के बाद अब अमेरिका ने पाकिस्तान को बड़ा झटका दिया है. अमेरिका ने आतंकवाद रोकने के लिए पाकिस्तान को दी जा रही फंडिंग को रोकने का फैसला किया है. व्हाइट हाउस के सूत्रों ने बताया है कि 255 मिलियन डॉलर (करीब सवा 1600 करोड़ रूपये) की फंडिंग को रोक दिया गया है.

व्हाइट हाउस ने इसकी पुष्टि की है. उसकी तरफ से कहा गया है कि ऐसी सहायता इस बात पर निर्भर करेगी कि पाकिस्तान अपनी सरजमीं पर आतंकवाद का किस तरह जवाब देता है. यानी पाकिस्तान पर लगातार आतंक का समर्थन करने के दावे कर रहे अमेरिका ने अब फंडिंग रोककर अपना रुख भी साफ कर दिया है.

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पाकिस्तान पर अमेरिका को 'झूठ और धोखे' के सिवाए कुछ न देने की बात कही थी. साथ ही ट्वीट में लिखा था कि पिछले 15 सालों में 33 अरब डॉलर की सहायता देने के बदले में पाकिस्तान ने आतंकवादियों को 'पनाह' देने का काम किया है. ट्रंप के इस ट्वीट के बाद ही अमेरिका का एक्शन सामने आ गया और फंड पर रोक लगा दिया गया.

न्यूज एजेंसी पीटीआई ने एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के हवाले से लिखा है कि अमेरिका की इस समय पाकिस्तान के लिए वित्त वर्ष 2016 में 25 करोड़ 50 लाख डॉलर की राशि खर्च करने की योजना नहीं है. उन्होंने कहा, 'राष्ट्रपति ने यह स्पष्ट कर दिया कि अमेरिका यह उम्मीद करता है कि पाकिस्तान अपनी सरजमीं पर आतंकवादियों और उग्रवादियों के खिलाफ ठोस कदम उठाए.' अधिकारी ने कहा कि अमेरिकी प्रशासन पाकिस्तान के सहयोग के स्तर की समीक्षा करता रहेगा.

ट्रंप के बयान के कुछ घंटों बाद पाकिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि उसे आतंकवाद के खिलाफ अमेरिका के युद्ध के समर्थन में उसके सभी कदमों के बदले 'अपशब्द और अविश्वास' के सिवाए कुछ नहीं मिला.

पाकिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने एक ट्वीट कर कहा, 'पाकिस्तान ने आतंकवाद निरोधी सहयोगी के तौर पर अमेरिका को जमीन और वायु संपर्क, सैन्य अड्डे एवं खुफिया सूचना सहयोग दिया जिससे पिछले 16 सालों में अल-कायदा को खत्म करने में उन्हें मदद मिली लेकिन उन्होंने अपशब्दों और अविश्वास के सिवाए हमें कुछ नहीं दिया. उन्होंने सीमा पार आतंकवादियों की पनाहगाहों की अनदेखी की जिन्होंने पाकिस्तानियों की हत्या की.' पाकिस्तान पर ट्रंप के कड़े रुख का कई अमेरिकी सांसदों ने समर्थन किया है.

Share This News :