Homeदेश विदेश ,प्रमुख खबरे,slider news,
2018 में इन 10 राजनीतिक घटनाक्रमों पर रहेगी सबकी नजरें

साल 2018 दस्तक दे चुका है. पीछे मुड़कर देखें तो साल 2017 भारत के लिए राजनीतिक रूप से काफी उथल-पुथल भरा रहा. साल के आखिरी दिन तमिल फिल्मों के सुपरस्टार रजनीकांत ने नई पॉलिटिकल पार्टी बनाने की घोषणा की.

वर्ष 2018 में कई राज्यों में चुनाव होने हैं. ऐसे में हो सकता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस के नए अध्यक्ष राहुल गांधी के बीच फिर से जुबानी जंग देखने को मिले. आइए जानते हैं ऐसे ही 10 राजनीतिक घटनाक्रमों के बारे में जिन पर आने वाले साल में सबकी नजरें लगी रहेंगी.

1- साल की शुरुआत फरवरी में मेघालय, नागालैंड और त्रिपुरा में होने वाले चुनावों से होगी. नागालैंड में तो बीजेपी सरकार में शामिल है, पर त्रिपुरा में वह सीपीएम और मेघालय में कांग्रेस से सत्ता लेने में कोशिश में रहेगी.

2- इस साल अप्रैल में 224 विधानसभा सीटों वाले कर्नाटक में होने वाले चुनावों में कांग्रेस की साख दांव पर लगी होगी. बीजेपी की नजर कर्नाटक में अपना परचम फहराने पर है. उसकी नजर 2019 के चुनावों के लिए यहां की 28 लोकसभा सीटों पर भी लगी होगी.

3- नवंबर में 40 विधानसभा सीटों वाले मिजोरम में भी विधानसभा चुनाव होंगे. यहां फिलहाल कांग्रेस सरकार में है.

4- राजस्थान, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में बीजेपी की सरकारें हैं और यहां साल के अंत में चुनाव होंगे. बीजेपी की कोशिश सत्ता में वापसी की रहेगी. कांग्रेस भी 2019 के लोकसभा चुनावों से पहले यहां अपना प्रदर्शन बेहतर करना चाहेगी. इन तीनों राज्यों में लोकसभा की 65 सीटें हैं.

5- अहम राज्यों में चुनावों के बाद सबकी नजरें राज्यसभा चुनावों पर लगी रहेंगी. दिल्ली में आम आदमी पार्टी ने तीन राज्यसभा सीटों के चुनाव को अंतिम समय तक रोमांचक बनाया हुआ है. इसके अलावा सिक्किम और उत्तर प्रदेश की एक-एक सीट पर भी चुनाव होंगे.

6- विधानसभा और राज्यसभा चुनावों के अलावा कई राज्यों में लोकसभा सीटों पर उपचुनाव होंगे. उत्तर प्रदेश की गोरखपुर और फूलपुर, बिहार की अररिया, राजस्थान की अलवर और अजमेर, जम्मू-कश्मीर में अनंतनाग, महाराष्ट्र की भंडारा गोंदिया और पश्चिम बंगाल की उलूबेरिया की लोकसभा सीटों पर जनवरी-फरवरी के बीच उपचुनाव होंगे.

7- साल की शुरुआत में राजस्थान और पश्चिम बंगाल की विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होंगे. राजस्थान की मांडलगढ़ और पश्चिम बंगाल की नोआपाड़ा सीटों पर जनवरी में उपचुनाव होंगे.

8- इनके अलावा पंचायत चुनावों पर भी राजनीतिक पंडितों की नजरें लगी रहेंगीं. पश्चिम बंगाल में मई में होने वाले पंचायत चुनावों में बीजेपी अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की कोशिश करेगी तो सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और लेफ्ट से उसे कड़ी टक्कर मिलेगी.

9- हालांकि तमिलनाडु में 2016 में ही विधानसभा चुनाव हुए हैं, पर इस राज्य में देश की सबसे नई पॉलिटिकल पार्टी बनी है. तमिल सुपरस्टार रजनीकांत इस साल अपनी पार्टी का नाम और कार्यक्रम तय करेंगे. उनपर भी सबकी नजरें लगी रहेंगी.

10- इन सब चुनावों और राजनीतिक घटनाक्रमों के बाद हो सकता है कि 2019 में होने वाले आम चुनाव भी आपको 2018 में दिखाई दें. अगर ऐसा नहीं हुआ तो भी इनकी तैयारियां तो 2018 के अंतिम में दिखाई पड़ने लगेंगी.

Share This News :