Home > देश विदेश ,
कोहरे की मार : 200 उड़ानें प्रभावित, 50 डायवर्ट, 20 निरस्‍त

नई दिल्ली। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर रविवार सुबह घना कोहरा होने की वजह से करीब दो सौ विमानों के संचालन पर असर पड़ा।

पचास विमानों को डायवर्ट किया गया, जबकि बीस विमानों के संचालन को रद कर दिया गया। कोहरे के कारण रन-वे पर दृश्यता 50 मीटर तक पहुंच गई थी।

इस कारण सुबह साढ़े सात बजे से लेकर साढ़े ग्यारह बजे तक विमानों ने हवाई अड्डे से उड़ान नहीं भरी। रविवार को बीते साल 2017 का सबसे घना कोहरा छाया हुआ था।

इस दौरान विमानों की लैंडिग भी काफी कम हो रही थी। कोहरे का असर रेल यातायात पर भी पड़ा। कोहरे के कारण कई ट्रेनें घंटों की देरी से चल रही हैं तो कई काफी देर से गंतव्य तक पहुंची।

कई ट्रेनों के रद करना पड़ा है। एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि विमानों को उड़ान भरने के लिए कम से कम 125 मीटर दृश्यता जरूरी होती है, लेकिन रविवार सुबह साढ़े पांच बजे से ही यहां पर घना कोहरा छाने लगा।

साढ़े सात बजे के बाद रन-वे पर दृश्यता 50 से 70 मीटर की रही। इस कारण विमानों की उड़ानें बंद रहीं। इसके अलावा करीब पचास से ज्यादा विमानों की लैंडिग जयपुर, अहमदाबाद, लखनऊ एयरपोर्ट पर कराया गया।

दोपहर करीब साढ़े ग्यारह बजे कोहरा छंटने के बाद विमानों का संचालन सुचारु हो सका। विमानों के उतरने के लिए एयरपोर्ट पर कैट थ्री-बी उपकरण लगाए जा चुके हैं।

इस उपकरण की मदद से 25 से 50 मीटर की दृश्यता के बीच भी विमानों की लैंडिग संभव है। इस उपकरण की सहायता से कुछ विमानों की लैंडिग कराई गई। उड़ान में देरी की वजह से यात्रियों को छह घंटे तक हवाई अड्डा पर इंतजार करना पड़ा।

आज डराएगा दिल्ली का प्रदूषण : नए साल के पहले ही दिन प्रदूषण दिल्ली वासियों को घरों में कैद रहने पर मजबूर कर देगा। सोमवार को प्रदूषण आपात स्तर पर पहुंचेगा।

सफर इंडिया के मुताबिक एयर क्वालिटी इंडेक्स 430 के पार जा सकता है। ऐसा हुआ तो लोगों के लिए बाहर रहना मुश्किल हो जाएगा। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से पिछले दो दिनों से प्रदूषण काफी अधिक चल रहा है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने नए साल के पहले दिन यानी सोमवार के लिए सफर इंडिया ने एयर इंडेक्स के 430 रहने की आशंका जताई है।

पीएम 10 का स्तर 445 और पीएम 2.5 का स्तर 221 एमजीसीएम रह सकता है। एयर क्वालिटी का इंडेक्स 200 तक सामान्य स्तर पर रहता है।

एक्सप्रेस वे पर टकराए छह वाहन : उत्तर प्रदेश में घने कोहरे के साथ शीतलहर के प्रकोप से लोग परेशान रहे। ठंड लगने व कोहरे के कारण हुए सड़क हादसों में 15 लोगों की मौत हो गई और 40 से ज्यादा जख्मी हो गए।

इटावा में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर सुबह घने कोहरे की वजह से ग्राम अगूपुर व गुबरिया के बीच तीन बस, एक डीसीएम व दो कारें एक के बाद एक टकरा गए। हादसे में करीब दो दर्जन लोग घायल हो गए।

वहीं कानपुर, चित्रकूट, महोबा, मऊ, वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर और बलिया में ठंड लगने से 11 लोगों की मौत हो गई।

कोहरे के चलते मरुधर, वरुणा, राप्ती सागर, चित्रकूट, पुष्पक समेत करीब दो दर्जन ट्रेनें तीन से चार घंटे देरी से चल रही हैं। महानंदा व तूफान एक्सप्रेस रद रही।

Share This News :