Homeअपना शहर ,खास खबरे,
संगीत विश्वविद्यालय में स्वर प्रवाह कार्यक्रम संपन्न

ग्वालियर। राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय, ग्वालियर एवं संस्कृति संचालनालय मध्यप्रदेश शासन भोपाल के संयुक्त तत्वावधान में आज बुधवार 20 दिसम्बर को शास्त्रीय संगीत समारोह स्वर प्रवाह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के तानसेन सभागार में किया गया। तानसेन समारोह के प्रारम्भ से पूर्व संगीत विश्वविद्यालय द्वारा यह एक अनूठा आयोजन किया गया, जिसमें देश-विदेश के कलाकारों ने अपनी वादन प्रस्तुतियां दीं।
यह कार्यक्रम संस्कृति संचालनालय, संस्कृति विभाग मध्यप्रदेश शासन, भोपाल के सौजन्य से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अध्यक्ष, राज्य सामान्य निर्धन वर्ग आयोग बालेन्दु शुक्ल, विशिष्ट अतिथि एलएनयूपीयू ग्वालियर के कुलपति दिलीप दुरेहा उपस्थित थे। अध्यक्षता कुलपति प्रो. लवली शर्मा ने की। स्वर एवं अवनद्ध वाद्यों पर केन्द्रित इस कार्यक्रम का उदघाटन अतिथियों द्वारा दीप प्रज्जवलन एवं माँ सरस्वती पर माल्यार्पण कर किया गया। इसके पश्चात् संगीत संकाय के छात्र-छात्राओं ने श्रीमती पारूल दीक्षित के मार्गदर्शन में सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।
संगीत सभा का प्रारम्भ उस्ताद मुस्तफा रजा के विचित्र वीणा वादन से हुआ। आपने अपने कार्यक्रम का प्रारम्भ राग चारूकेशी से किया। आलाप जोड़ झाला के पश्चात् आपने ताल तीनताल में निबद्ध मध्यलय गत प्रस्तुत की। आपने अपने वादन का समापन एक दादरा के साथ किया। आपके साथ पखावज संगति पं. रविशंकर उपाध्याय ने की। उस्ताद मुस्तफा रजा के पश्चात पं. गौरीशंकर करमाकर ने एकल तबला वादन प्रस्तुत किया। आपने अपनी प्रस्तुति में ताल तीनताल में पेशकार, कायदे, टुकडे, मुखडे, परन, चक्रदार, एवं बनारस तथा पंजाब घराने की परम्परागत रचनाएॅं प्रस्तुत कीं। लहरा संगति अब्दुल हमीद खान ने की।

Share This News :