Homeअपना शहर ,खास खबरे,
एक चिट्ठी पर मामी जी ने बनवा दी सड़क

ग्वालियर । आवागमन में आए दिन आ रही कठिनाई से परेशान होकर हमने अपने मोहल्ले की गली में सीसी रोड़ बनवाने के लिये नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह (मामी जी) को एक चिट्ठी लिखी। तीसरे दिन ही नगर निगम के अधिकारी पहुँच गए और 10 दिन के भीतर सड़क का काम शुरू हो गया। जल्द ही सड़क बनकर तैयार हो गई। हम सब भरोसा नहीं कर पा रहे थे कि एक चिट्ठी भर लिखने से सड़क बन जायेगी। यह कहना था शहर के वार्ड क्र.-21 के अंतर्गत स्थित पण्डित विहार कॉलोनी के उमेश होलानी एवं यहाँ के अन्य निवासियों का।
नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह का पण्डित विहार कॉलोनी के निवासियों ने शनिवार को नागरिक अभिनंदन किया एवं समारोहपूर्वक उनके प्रति आभार जताया। श्रीमती माया सिंह ने वार्ड क्र.-21 के अंतर्गत पण्डित विहार कॉलोनी में 13 लाख एवं उनकी विधायक निधि से कैलादेवी नगर में 7 लाख रूपए की लागत से बनाई गई सीमेंट कंक्रीट सड़कों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार शहरों के सुनियोजित विकास के लिये कटिबद्ध है। इसी कड़ी में ग्वालियर के हर गली-मोहल्ले में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अमृत योजना के तहत शहर की हर बस्ती की पेयजल व सीवर समस्या का स्थानीय समाधान होगा।
श्रीमती माया सिंह ने शहर को स्वच्छता की परीक्षा में अव्वल लाने में सहयोग देने का आहवान भी इस मौके पर किया। उन्होंने कहा सभी गली-मोहल्लों में निर्धारित स्थान पर ही कचरा जमा करें। कचरा उठाने के लिये शहर में हाल ही 48 वाहन सरकार ने मुहैया कराए हैं। ग्वालियर शहर को कुल 100 वाहन मुहैया कराए जायेंगे। सड़कों के लोकार्पण कार्यक्रमों में पार्षद धर्मेन्द्र राणा व जबर सिंह तथा राकेश गुप्ता, वीरेन्द्र चौहान, जंगबहादुर सिंह तोमर, विजय सक्सेना, रामप्रकाश परमार व नरेन्द्र त्रिपाठी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण मौजूद थे।

Share This News :