Home > देश विदेश ,
न्यायाधीश गाएंगे राष्ट्रगान

नवांशहर। à¤²à¥‹à¤—ों में देशप्रेम का जज्बा पैदा करने व राष्ट्रगान के सम्मान में नवांशहर के सभी न्यायाधीशों ने विशेष पहल शुरू की है। जिला न्यायिक कांप्लेक्स के सभी जज अब अपना कोई भी अदालती काम शुरू करने से पहले एकत्रित होकर राष्ट्रगान गाएंगे।

जिला कानूनी सेवाएं अथॉरिटी के सचिव कम सीजेएम परिन्दर सिंह ने बताया कि जिला एवं सेशन जज एएस ग्रेवाल के प्रयास से यह शुरुआत की गई है। बोले, "भारत का राष्ट्रीय गान न सिर्फ हमारी पहचान है, बल्कि यह हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है।" शायद यह भारत की पहली ऐसी कोर्ट है, जिसमें न्यायाधीशों ने खुद पहले करके अपने घर से यह सार्थक शुरुआत की है।

इसलिए लिया गया फैसला

 

सुप्रीम कोर्ट के सिनेमाघरों में फिल्म की शुरुआत राष्ट्रगान से करने के फैसले के विरोध ने नवांशहर के न्यायाधीशों के दिल को ठेस पहुंचाई। इसके बाद लोगों की सोच को बदलने के लिए माननीयों ने ऐसी शुरुआत कर नजीर पेश की है। उनका मानना है कि देश से बढ़कर कुछ नहीं है।

राष्ट्र गान के सम्मान के लिए क्या हम 52 सेकेंड के लिए खड़े भी नहीं हो सकते। एक तरफ हमारे फौजी सियाचिन जैसी जगह पर दिन-रात ड्यूटी कर देश की रक्षा करते हैं और दूसरी तरफ कुछ ऐसे लोग भी हैं जो आज भी राष्ट्रगान के सम्मान के फैसले को मजाक समझ थियेटर में बैठे रहते हैं।

शहीद भगत सिंह के जिले से होगी नए इंकलाब की शुरुआत

 

युवाओं की सोच व प्रहरी के लिए जाने जाते शहीद भगत सिंह के गृह जिले शहीद भगत सिंह नगर में न्यायाधीशों की यह सोच आने वाले समय में नया इंकलाब जरूर लेकर आएगी। व्यापार मंडल के प्रधान गुरचरण अरोड़ा, केमिस्ट एसोसिएशन के प्रधान हरमेश पुरी, एमसी प्रधान ललित मोहन पाठक व वेलफेयर एसोसिएशन उपप्रधान प्रदीप चंद ने इस सोच को सराहा है। उनका मानना है कि इस कदम से युवाओं सोच बदलेगी।

इन जजों के सिर अनोखी मुहिम का सेहरा

इस अनोखी पहल को शुरू करने का श्रेय जिला एवं सेशन जज एएस ग्रेवाल, एडिशनल एंड जिला सेशन जज मुनीष सिंघल व रूपिंदरजीत चाहल, डिस्ट्रिक्ट जज फैमिली कोर्ट जतिंदर कौर, सिविल जज सिविल डिवीजन राजविंदर सिंह, सीजेएम युक्ति गोयल व परिदर सिंह, एडिशन सिविल जज सीनियर डिवीजन अमन शर्मा, ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट क्लास वन तनवीर सिंह व हर्षवीर सिंह सिद्धू को जाता है।

Share This News :