Homeअपना शहर ,खास खबरे,
उच्च शिक्षा मंत्री के मुख्य आतिथ्य में हुई हेरिटेज वाक

ग्वालियर। अपनी धरोहर एवं विरासत पर गर्व करने की जरूरत है। तभी हम इसे बेहतर ढंग से सहेजने में सफल होंगे। यह बात उच्च शिक्षा एवं लोकसेवा प्रबंधन मंत्री जयभान सिंह पवैया ने हेरिटेज वाक के शुभारंभ अवसर पर कही। ग्वालियर शहर एवं उसके आसपास स्थित पुरातात्विक व ऐतिहासिक महत्व के स्थलों से परिचित कराने एवं पर्यटन को बढ़ावा देने के मकसद से रविवार की भोर यहाँ थीम रोड स्थित फ्लैग पॉइंट से उच्च शिक्षा मंत्री जयभान सिंह पवैया के मुख्य आतिथ्य में हैरिटेज वाक शुरू हुई और जीवाजी विश्वविद्यालय में समापन हुआ।
उच्च शिक्षा मंत्री पवैया ने इस अवसर पर कहा कि खुशी की बात है ग्वालियर शहर स्मार्ट सिटी में चयनित हुआ। साथ ही शहर के विकास के लिए बड़ी धनराशि भी मिल रही है। मगर शहर तभी सही मायने में स्मार्ट बनेगा जब हर शहरवासी स्मार्ट होगा। अर्थात हमें अपने नागरिक कर्तव्यों का पालन करते हुए शहर को स्मार्ट बनाने में सहभागी बनना होगा। कलेक्टर राहुल जैन ने कहा कि शहर को स्मार्ट बनाने में स्वच्छता सबसे महत्वपूर्ण पहलू है। इसमें सभी की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने कहा ग्वालियर शहर हैरिटेज के क्षेत्र में काफी धनी है। शहर के हेरिटेज से जन-जन को परिचित कराने और पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह आयोजन किया गया है। आरंभ में उच्च शिक्षा मंत्री पवैया एवं विधायक नारायण सिंह कुशवाह, नगर निगम के सभापति राकेश माहौर, पूर्व महापौर श्रीमती समीक्षा गुप्ता, जीवाजी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला , कलेक्टर राहुल जैन,नगर निगम आयुक्त विनोद शर्मा व स्मार्ट सिटी की सीईओ श्रीमती बिदिशा मुखर्जी ने झंडी दिखाकर हेरिटेज वाक को रवाना किया ।
स्मार्ट सिटी डवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड के तत्वाधान में जिला प्रशासन, नगर निगम, शहर के शिक्षण संस्थानों आदि के सहयोग से थीम रोड से शुरू हुई हैरिटेज वाक का समापन जीवाजी विश्वविद्यालय परिसर में हुआ। इसमें एम आईसी मेंबर पार्षद श्रीमती खुशुबू गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि गण, अपर कलेक्टर शिवराज वर्मा व अपर आयुक्त नगर निगम रिंकेश वैश्य समेत अन्य अधिकारी, स्कूली एवं महाविद्यालयीन छात्र-,छात्रायें, सामाजिक व स्वयंसेवी संस्थाओं व आनंदम के कार्यकर्ता तथा शहर के गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। बीएसएफ व सिंधिया स्कूल के बैंड की मधुर धुन के बीच शहरवासियों ने हेरिटेज वाक की। रंग विरंगे परिधानों में सजे- धजे प्रतिभागियों ने इस आयोजन को और भी आकर्षक बना दिया।
जीवाजी विश्वविधालय परिसर में वाक के समापन अवसर पर स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनोहारी प्रस्तुति दी। सीआरपीएफ के बैंड ने कर्णप्रिय धुनें निकाली। अंत में हैरिटेज पर केन्द्रित सर्वश्रेष्ठ स्लोगन, कोलाज, मेसेज, ड्रेसअप व ग्रुप को अतिथियों ने पुरस्कृत किया। राष्ट्रगान के साथ इस आयोजन का समापन हुआ।

स्वच्छ्ता अभियान भी चला
हेरिटेज वाक के समापन के बाद जीवाजी विश्वविधालय परिसर में स्वच्छ्ता ही सेवा अभियान के तहत सामूहिक सफाई कार्यक्रम भी हुआ। जिसमें जीवाजी विश्वविधालय की कुलपति, कलेक्टर एवं नगर निगम आयुक्त सहित जनप्रतिनिधियों और नगर निगम के अमले ने हिस्सा लिया।

Share This News :