Home > देश विदेश ,slider news,
राहुल को अमित शाह का पलटवार- उनके लिए विकास मजाक, हमारे लिए मिजाज है

अपने गढ़ गुजरात में BJP का सिंहासन बरकरार रखने के लिए पार्टी अध्यक्ष अमित शाह जोर-शोर से जुटे हैं. शाह चार नवंबर से लेकर 9 नवंबर के बीच पांच दिन के गुजरात दौरे पर हैं. इस दौरान वह 20 अलग-अलग जिलों के कार्यकर्ताओं के साथ मीटिंग कर उन्हें चुनावी पाठ सिखाएंगे.

वहीं कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी भी गुजरात चुनाव को लेकर जी-जान से जुटे हुए हैं और सत्ताधारी बीजेपी पर जमकर निशाना साध रहे हैं. राहुल द्वारा गुजरात में चुनाव प्रचार के दौरान विकास कार्यों को लेकर गुजरात सरकार लगाए जा रहे आरोपों पर अमित शाह ने पत्रकारों से कहा कि गुजरात का विकास कांग्रेस के लिए मजाक है, लेकिन हमारे लिए मिजाज है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को गुजरात के विकास पर सवाल उठाने का कोई हक नहीं है.

शाह ने कहा, 'जिस अमेठी में गांधी परिवार कि तीन पीढ़ियां सांसद रहीं, वहां के प्राथमिक आरोग्य केन्द्र और कलेक्टर ऑफिस का भूमि पूजन हमने इतने साल बाद किया है. पहले कांग्रेस साफ करे कि इतने साल उन्होंने यह सब क्यों नहीं किया. अमित शाह ने यह भी कहा कि विकास कि बात करना और विकास करने में काफी फर्क है.'

गुजरात के आगामी चुनाव प्रचार कार्यक्रम के बारे में अमित शाह ने आजतक से विस्तार से बातचीत की.

राहुल गांधी ने भ्रष्टाचार के अरोप लगाए हैं?

जिस कांग्रेस ने 10 साल के शासन में 12 लाख करोड़ के घोटाले किए, वो राहुलजी आज गुजरात में आकर भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे हैं. कौन सा भ्रष्टाचार? इस तरह के आरोपों से कुछ नहीं होता. 2जी स्पेक्ट्रम घोटाला किसने किया? इसरो का स्कैम किसने किया? आदर्श सोसायटी का घोटाला किसने किया? सीडब्लूजी स्कैम किसने किया? ढेर सारे घोटालों कि सूची है, पहले इसका जवाब देना चाहिए.

सवाल- कांग्रेस नोटबंदी के एक साल पूरे होने पर 8 नवंबर को सूरत के व्यापारियों के बीच ब्लैक डे मनाने जा रही है. आप क्या कहना चाहेंगे?

जवाब- वे चाहे वहां अपना जो भी दिन मना सकते हैं. भारतीय जनता पार्टी 8 नवम्बर को एंटी ब्लैक मनी डे के तौर पर मना रही है. मोदी सरकार ने काले धन पर रोकथाम के लिए जो कदम उठाए हैं, हम देशभर में जाकर उसे जनता के सामने रखने वाले हैं.

सवाल- गुजरात चुनाव में विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ने की बात की जा रही है, लेकिन जातिवादी फैक्टर ज्यादा देखने मिल रहा है.

जवाब - जब जब कांग्रेस चुनाव लड़ी, तब तब जातिवादी चुनाव के आधार पर ही लड़ी है. जातिवाद को बढ़ाने का प्रयास किया है. जातिवाद के बढ़ाने के कड़वे फल माधवसिंह सोलंकी के वक्त से मिल रहा है. मुझे विश्वास है कि गुजरात कि जनता विकास के मुद्दे पर ही भरोसा रखेगी और विकास के मुद्दे पर ही आगे बढ़ेगी.

सवाल- राहुल गांधी ने जीएसटी हटाने की बात की है.

जवाब- राहुल गांधी ने ऐसा महाराष्ट्र में भी कहा था, झारखंड में भी कहा था, असम में भी कहा था, उत्तराखंड में भी कहा, उत्तर प्रदेश में भी कहा था, लेकिन कहीं पर भी उनकी सरकार नहीं आई.

Share This News :