Home > देश विदेश ,
हिरासत में हनीप्रीत से पूछताछ जारी, पंचकूला सेक्टर 20 थाने लेकर पहुंची पुलिस

पंचकूला कोर्ट से 6 दिन की पुलिस रिमांड मिलने के बाद हरियाणा पुलिस लगातार हनीप्रीत से पूछताछ कर रही है. तेज तर्रार पुलिस अधिकारियों की टीम बनाकर इसकी पहल भी कर दी गई है. पूछताछ का जिम्मा पंचकूला की आईजी ममता सिंह ने संभाला है. इसी क्रम में पुलिस की एक टीम हनीप्रीत को लेकर पंचकूला सेक्टर 23 की चंडी मंडी थाने से सेक्टर 20 थाने पहुंची है.

जानकारी के मुताबिक, हनीप्रीत और उसके साथ गिरफ्तार हुई सुखदीप को लेकर पुलिस पंचकूला सेक्टर 20 थाने पहुंची. एक मिनी बस के अंदर हनीप्रीत और सुखदीप मौजूद थी. उनके साथ कमांडो और महिला पुलिस की टीम मौजूद थी. पुलिस कमिश्नर एएस चावला का कहना है कि हनीप्रीत से लगातार पूछताछ हो रही है. जरूरत के हिसाब से हम उसे हर जगह ले जाएंगे.

3 अक्टूबर को हनीप्रीत की गिरफ्तारी के बाद आईजी ममता सिंह, पंचकूला के पुलिस कमिश्नर एएस चावला, डीसीपी मनबीर सिंह और दूसरे पुलिस अधिकारियों ने दनादन सवाल दागने शुरू कर दिए. इस पूछताछ का नतीजा सभी के लिए पहेली थी. हर कोई जानना चाहता था कि हनीप्रीत ने पुलिस के सामने कौन-कौन से राज उगले. बाबा के साथ रिश्तों पर क्या बोला है.

उन्होंने कहा कि हमे हनीप्रीत की 6 दिन की रिमांड मिली है. अभी तक के पूछताछ में हनीप्रीत बहुत कुछ नहीं बताया है. आईजी ममता सिंह का कहना है कि हनीप्रीत अभी हर बात से इंकार कर रही है. अभी तक उसने किसी आरोप को स्वीकार नहीं किया है. वह केवल यही कह रही है कि वह बेकसूर है. उसने कुछ नहीं किया है. इसीलिए हमें उसे रिमांड पर लेना पड़ा है.

बताते चलें राष्ट्रद्रोह और हिंसा भड़काने सहित कई मामलों में आरोपी हनीप्रीत को पंचकूला कोर्ट ने 6 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा है. कोर्ट में सुनवाई के दौरान हनीप्रीत हाथ जोड़कर रोती रही और खुद को बेकसूर बताती रही. हरियाणा पुलिस ने 14 दिन की हिरासत मांगी थी, लेकिन कोर्ट ने फिलहाल 6 दिन हिरासत में ही उसे भेजा है. पुलिस हनीप्रीत से पूछताछ कर रही है.

Share This News :