Home > देश विदेश ,
32 करोड़ की संपत्ति जब्त

नई दिल्ली।प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मध्य प्रदेश की एक फर्म की 32 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त कर ली है। कंपनी मालिकों ने कोयले का ब्लाक आवंटित कराने के लिए सरकार को गलत सूचनाएं दी थीं। मनी लॉन्ड्रिंग निरोधक एक्ट के तहत ये कार्रवाई हुई। सूत्रों का कहना है कि कमल स्पॉन्ज एंड स्टील पॉवर (केएसएसपीएल) सतना जिले के सगमा गांव में स्थित है।

एक अन्य कंपनी रेवती सीमेंट प्राइवेट लि. के साथ मिलकर उसने कोल ब्लॉक के लिए आवेदन किया था। कंपनी को 2008 में रुद्रपुरी कोल ब्लॉक आवंटित किया गया था। आरोप है कि कंपनी ने ब्लॉक हासिल करने के लिए आवेदन किया तो अपने बारे में गलत सूचनाएं सरकार के पास दर्ज कराई। इसमें अपनी कुल कीमत के साथ उत्पादन को लेकर गलत जानकारी कोयला मंत्रालय को दी गई थी।

इसमें कंपनी के बारे में जो सूचनाएं दी गईं उन्हें उसी तरह से दर्शाया गया जिससे कोल ब्लॉक आसानी से आवंटित हो सके। ईडी का कहना है कि 2007-08 से लेकर 2009-10 के दौरान कंपनी ने नौ सौ रुपए प्रति शेयर के प्रीमियम पर बाजार में उपस्थिति दर्ज कराई।

ये वह समय था, जब शेयर बाजार या तो नीचे जा रहा था या फिर ठहर गया था। लेकिन कंपनी ने गलत सूचनाओं के आधार पर इस दौरान 32 करोड़ 17 लाख 50 हजार रुपए का मुनाफा कमाया। सीबीआई ने कंपनी के निदेशक पवन कुमार अहलूवालिया के खिलाफ केस दर्ज किया था। उसके आधार पर ईडी ने कार्रवाई की। उल्लेखनीय है कि 25 अगस्त 2014 के आदेश में सुप्रीम कोर्ट ने ऐसे तमाम आवंटन रद्द कर दिए थे। इन सभी में मेसर्स कमल भी शामिल थी। ईडी ने कंपनी का बैंक बैलेंस और अचल संपत्ति जब्त कर ली हैं।

 

 

Share This News :