Home > देश विदेश ,slider news,
यशवंत सिन्हा का छलका दर्द- मैंने PM मोदी से समय मांगा, 1 साल हो गया नहीं मिला

अर्थव्यवस्था के मुद्दे पर बीजेपी दिग्गज यशवंत सिन्हा लगातार मोदी सरकार को घेर रहे हैं. पहले लेख और उसके बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा है कि अर्थव्यवस्था की स्थिति अच्छी नहीं है. सिन्हा ने कहा कि वह पिछले एक साल से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने का वक्त मांग रहे हैं, लेकिन अभी तक नहीं मिला है.

मनमोहन सिंह की तारीफ

पूर्व वित्त मंत्री बोले कि उन्होंने कई मंत्रियों से मिलने का समय मांगा था, लेकिन समय नहीं दिया गया. साफ है मेरा क्या महत्व है उन्होंने बता दिया है. उन्होंने पूर्व पीएम मनमोहन सिंह की भी तारीफ की. यशवंत सिन्हा ने कहा कि मनमोहन सिंह की राज्यसभा में दी गई स्पीच बिल्कुल सही साबित हुई. मनमोहन सिंह एक बड़े अर्थशास्त्री हैं उनकी बातों को गंभीरता से सुनना चाहिए.

बता दें कि गुरुवार को मीडिया से बात करते हुए यशवंत सिन्हा ने कहा कि 8 लाख करोड़ रुपए का पैसा एनपीए में फंसा हुआ है. देश की अर्थव्यवस्था में गिरावट हुई है. मुझे लगा कि बात को सामने रखना चाहिए. यशवंत सिन्हा ने कहा कि बैंक बुरी तरह से फंसे हुए हैं जिसके कारण बैंक ने कर्ज देना बंद कर दिया, अर्थव्यवस्था धीमी हुई. फिर नोटबंदी की और जीएसटी लागू कर दी गई जिसके बाद स्थिति बिगड़ती गई.

यशवंत सिन्हा बोले कि मैं बीजेपी में जीएसटी का सबसे बड़ा पक्षधर रहा हूं, उस समय मैं उस कमेटी में था. जब गुजरात सरकार के विरोध के बावजूद मैंने जीएसटी के काम को आगे बढ़ाया. आज जो लोग जीएसटी को आजादी के बाद का सबसे बड़ा रिफॉर्म बता रहे थे, उस समय वो कहीं पर भी नहीं थे. 

Share This News :