Homeअपना शहर ,
लाड़ली लक्ष्मी योजना में ग्वालियर की कम उपलब्धी पर कमिश्नर श्री रूपला ने की अप्रशंसा व्यक्त

लाड़ली लक्ष्मी योजना के पुराने वर्षों के राष्ट्रीय बचत पत्र वापस प्राप्त करके एक लाख 18 हजार के ई-सर्टिफिकेट हितग्राहियों को दिए जाने में ग्वालियर जिले की अत्यंत कम उपलब्धी पाए जाने तथा पोस्ट ऑफिस में परिपक्व राष्ट्रीय बचत पत्र जमा किए जाकर उसकी राशि लाड़ली लक्ष्मी निधि में ग्वालियर द्वारा अत्यंत कम जमा करने पर ग्वालियर संभाग के कमिश्नर श्री शिवनारायण रूपला ने अप्रंशंसा व्यक्त की है। कमिश्नर श्री रूपला बुधवार को अपने सभाकक्ष में संभाग के महिला सशक्तिकरण अधिकारियों की बैठक में विभागीय योजनाओं की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में ग्वालियर जिले के महिला सशक्तिकरण अधिकारी अनुपस्थित भी रहे। इस पर कमिश्नर ने असंतोष व्यक्त किया।

बैठक में संयुक्त संचालक श्री एच के शर्मा, उपसंचालक श्रीमती रेखा अग्रवाल सहित गुन, अशोकनगर, शिवपुरी, दतिया के महिला सशक्तिकरण अधिकारी मौजूद थे।

महिला सशक्तिकरण योजनाओं की समीक्षा के दौरान लाड़ली लक्ष्मी योजना के पुराने वर्षों के राष्ट्रीय बचत पत्र वापस प्राप्त करके एक लाख 18 हजार रूपए के ई-सर्टिफिकेट लाड़ली लक्ष्मी के हितग्राहियों को दिया जाना था, इसमें ग्वालियर जिले की अत्यंत कम उपलब्धी पाई। इस पर कमिश्नर श्री रूपला द्वारा अप्रशंसा व्यक्त की। इस योजना में संभाग के शिवपुरी, गुना और दतिया जिले में 99 प्रतिशत, अशोकनगर जिले में 92 प्रतिशत और ग्वालियर में सबसे कम 62 प्रतिशत उपलब्धि रही।

इसी तरह परिपक्व राष्ट्रीय बचत पत्र पोस्ट ऑफिस में जमा किए जाकर उसकी राशि लाड़ली लक्ष्मी निधि में जमा की जाना है, इसकी समीक्षा में भी ग्वालियर जिले की उपलब्धी ठीक नहीं पाई गई। ग्वालियर जिले द्वारा केवल 15 लाख रूपए का चैक ही पोस्ट ऑफिस से लिया गया है। जबकि ग्वालियर द्वारा मार्च 2016 तक 1564 लाख रूपए की राशि पोस्ट ऑफिस से लेकर लाड़ली लक्ष्मी निधि में डालना चाहिए थी। इसी प्रकार अशोकनगर में अब तक 53 लाख रूपए जमा हुआ, जबकि मार्च 2016 तक 549 लाख रूपए जमा हो जाना चाहिए थे। दतिया जिले में भी 416 लाख के विरूद्ध 50 लाख रूपए ही अब तक जमा कराए हैं। शिवपुरी, गुना की प्रगति अपेक्षाकृत सही पाई गई।

चालू वर्ष में लाड़ली लक्ष्मी योजना के प्रमाण-पत्रों की स्थिति की समीक्षा करते हुए पाया कि अब तक 12 हजार 947 प्रकरणों में स्वीकृति जारी की गई है। निर्धारित लक्ष्य के विरूद्ध ग्वालियर, अशोकनगर, दतिया जिले पीछे पाए गए।

Share This News :