Homeअपना शहर ,
स्नेह शिविरों के जरिए लगायेंगे कुपोषण पर अंकुश सुपोषण अभियान के तहत जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित

ग्वालियर। सुपोषण अभियान के तहत जिले में 46 स्नेह शिविर लगाए जायेंगे। आगामी 3 से 15 नवम्बर तक आयोजित होने वाले स्नेह शिविरों के माध्यम से कुपोषण निवारण के लिये विशेष प्रयास होंगे। इन शिविरों को प्रभावी ढंग से आयोजित करने के लिये सोमवार को जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित हुई। स्नेह शिविर खासतौर पर उन गाँवों में लगने जा रहे हैं जहाँ अधिक संख्या में अति कम वजन के बच्चे चिन्हित किए गए हैं।

कार्यशाला में जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन, जिला आयुष अधिकारी, सहायक संचालक उद्यानिकी तथा इन विभागों के अन्य अधिकारियों ने हिस्सा लिया।  कार्यशाला में बताया गया कि प्रत्येक स्नेह शिविर 12 दिवसीय होगा। स्नेह शिविर में अति कम वजन के बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें सुपोषित बनाने के लिये मौके पर ही विशेष पोषण खिलाया जायेगा। साथ ही चिकित्सकों व विभागीय अधिकारियों  द्वारा अति कम वजन के बच्चों के परिवारों की काउन्सलिंग कर उन्हें बच्चों की अच्छी देखभाल करने के लिये प्रशिक्षित भी किया जायेगा। सभी अति कम वजन के बच्चों को नियमित रूप से आंगनबाड़ी सेवायें मुहैया कराई जायेंगी।

जिला कार्यक्रम अधिकारी एकीकृत बाल विकास सेवा श्री बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि स्नेह शिविरों का आयोजन समुदाय सहयोग अर्थात पोषण सहयोगिनी व पोषण मित्र की भागीदारी से किया जायेगा। इस सिलसिले में परियोजना स्तरीय कार्यशालायें भी आयोजित होने जा रही हैं। इसके अलावा सेक्टर स्तर पर तदर्थ समिति के साथ पोषण मित्र टीम को भी प्रशिक्षित किया जायेगा। इसी कड़ी में जिला स्तर पर पोषण सहयोगिनी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं पर्यवेक्षकों का संयुक्त प्रशिक्षण मौजूदा माह में 20 से 25 अक्टूबर तक आयोजित होगा।

Share This News :